Friday, March 27, 2026

दीपावली के दिन शेयर बाजार में मजबूती रही.

Share

दीपावली के दिन शेयर बाजार में मजबूती रही. प्रमुख शेयर सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी सोमवार को लगातार चौथे कारोबारी दिन बढ़त के साथ बंद हुए. रिपोर्ट के मुताबिक, रिलायंस इंडस्ट्रीज में खरीदारी और विदेशी पूंजी प्रवाह में लगातार बढ़ोतरी के चलते बाचार में बढ़त बनी हुई है. इसके साथ ही वैश्विक बाजारों में आई तेजी से भी बाजार को समर्थन मिला.

सोमवार को 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 411.18 अंक यानी 0.49 प्रतिशत बढ़त के साथ 84,363.37 पर बंद हुआ. कारोबारी सत्र के दौरान सेंसेक्स में एक समय 704.37 अंक की उछाल दिखी और यह 84,656.56 के स्तर पर पहुंच गया. इसी प्रकार, 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 133.30 अंक यानी 0.52 प्रतिशत बढ़कर 25,843.15 पर पहुंच गया.

सेंसेक्स की कंपनियों में से, रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर में 3.52 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई. दरअसल, कंपनी ने बीते शुक्रवार को सितंबर तिमाही के लिए शुद्ध लाभ में साल-दर-साल 9.6 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की. कंपनी ने अपने उपभोक्ता-केंद्रित खुदरा और दूरसंचार व्यवसायों में मजबूत प्रदर्शन किया था. साथ ही कंपनी के मुख्य तेल-से-रसायन खंड में सुधार हुआ है.

इसके अलावा बजाज फिनसर्व, एक्सिस बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, टाइटन और भारती एयरटेल भी लाभ में रहे. हालांकि, आईसीआईसीआई बैंक, महिंद्रा एंड महिंद्रा, इटरनल, अडाणी पोर्ट्स और पावर ग्रिड लाल निशान में बंद हुए.

एक्सचेंज डेटा के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने शुक्रवार को घरेलू बाजार में 308.98 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे. घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने भी उसी दिन 1,526.61 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे.

ट्रेडिंग एक्सपर्ट के मुताबिक, भारतीय बाजार ने दीवापली के मुहूर्त ट्रेडिंग सत्र से पहले त्योहारी तेजी को जारी रखते हुए सोमवार को अपनी बढ़त जारी रखी. रिलायंस इंडस्ट्रीज जैसे इंडेक्स के दिग्गज शेयरों में मजबूत खरीदारी के चलते निफ्टी-50 में तेजी आई.

शुक्रवार को सेंसेक्स 484.53 अंक या 0.58 प्रतिशत बढ़कर 83,952.19 पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 124.55 अंक या 0.49 प्रतिशत चढ़कर 25,709.85 पर बंद हुआ था.

मंगलवार को मुहूर्त ट्रेडिंग सत्र
स्टॉक एक्सचेंज बीएसई और एनएसई मंगलवार को विशेष मुहूर्त ट्रेडिंग सत्र आयोजित करेंगे. यह प्रतीकात्मक ट्रेडिंग सत्र दोपहर 1:45 बजे से 2:45 बजे के बीच आयोजित किया जाएगा. मंगलवार को बाजार नियमित कारोबार के लिए बंद रहेगा, लेकिन एक घंटे के लिए एक विशेष ट्रेडिंग विंडो खुली रहेगी.

Read more

Local News