नई दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर में मौसम में ठंड का अहसास धीरे-धीरे बढ़ रहा है. सुबह और शाम के समय हल्की ठिठुरन महसूस होने लगी है, जबकि दिन में धूप अब भी गर्मी का हल्का अहसास करा रही है. राजधानी में गुरुवार का दिन इस सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा. इस दौरान पारा 18 डिग्री सेल्सियस के करीब लुढ़क गया.
मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को अधिकतम तापमान 32.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.3 डिग्री कम रहा. वहीं, न्यूनतम तापमान 18.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.5 डिग्री कम था. इस दौरान आर्द्रता का स्तर 94 से 39 फीसदी के बीच बना रहा
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान आसमान साफ रहने का अनुमान जताया है. शुक्रवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. हवा का रुख उत्तर-पश्चिम दिशा में रहेगा और इसकी रफ्तार 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है.शाम और रात के दौरान हवा उत्तर दिशा से चलने लगेगी, जिसकी गति 12 किलोमीटर प्रति घंटे से कम होने की संभावना है.
मौसम विभाग के अनुसार 17 अक्टूबर की सुबह हल्की धुंध छाने का अनुमान है. 17 और 18 अक्टूबर को भी सुबह के समय हल्की धुंध रह सकती है. वहीं 19 से 21 अक्टूबर तक प्रदूषण स्तर बढ़ने और स्मॉग छाने की संभावना जताई गई है.
वायु गुणवत्ता का हाल
केंद्रीय प्रदूषण एवं नियंत्रण बोर्ड सीपीसीबी के अनुसार राजधानी दिल्ली में शुक्रवार सुबह 7:00 तक औसतन भाई गुणवत्ता सूचकांक 240 अंक बना हुआ है जबकि दिल्ली एनसीआर के शहर फरीदाबाद में 155 गुरुग्राम में 158 गाजियाबाद में 142 ग्रेटर नोएडा में 147 और नोएडा में 145 अंक बना हुआ है. राजधानी दिल्ली की अधिकतर इलाकों में AQI लेवल 200 से ऊपर और 300 के बीच में बना हुआ है जबकि कुछ इलाकों में AQI लेवल 100 से ऊपर और 200 के बीच में बना हुआ है.


