पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले में एक महिला और उसकी तीन नाबालिग बेटियों की रहस्यमयी तरीके से मौत हो गई. यह घटना गुरुवार देर रात पुरुलिया के बंदोवन थाना क्षेत्र के लतापाड़ा गांव में हुई. पुलिस को आशंका है कि, फूड प्वाइजनिंग की वजह से इन लोगों की जान चली गई.
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इस घटना में प्रिया गराई (32), उसकी तीन बेटियों बैशाखी गराई (12), पल्लवी गराई (10) और सौरवी गराई (6) की मौत हो गई.
प्रिया गराई रात में खाना खाकर अपनी तीनों बेटियों के साथ सोने चली गई थी. उसके ससुर बरामदे में थे. रात करीब 10 बजे उसका पति आनंद झारखंड से अनाज बेचकर घर पहुंचा. उसने काफी आवाज दी लेकिन कोई प्रतिक्रिया न मिलने पर वह घर के अंदर गया. घर के अंदर उसने देखा कि तीनों बेटियां के साथ उसकी पत्नी बिस्तर पर बेहोश पड़ी है.
उसके बाद चारों को इलाज के लिए बंदोवन स्थित प्रखंड प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां पत्नी और तीनों बच्चों की मौत हो गई. ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर ने चारों को मृत घोषित कर दिया.
मौत के सही कारणों का पता लगाने के लिए शवों को शुक्रवार सुबह पुरुलिया मेडिकल कॉलेज पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. इस घटना को लेकर मानबाजार अनुमंडल के पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे. पुलिस को आशंका है कि, महिला और उसके तीन बच्चों की मौत फूड प्वाइजनिंग की वजह से हुई होगी. बंदोवन पुलिस ने अननेचुरल डेथ का मामला दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है.
जिला अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (अभियान) जोधाबार अविनाश भीमराव ने कहा कि, सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. हालांकि. उन्होंने कहा कि, अभी तक कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है. वहीं आनंद का कहना है कि, उसे समझ में कुछ भी नहीं आ रहा है कि, आखिर यह घटना कैसे हुई.
उसने कहा कि, वह रात दस बजे घर वापस लौटा था. उसने बाहर से कई बार आवाज दी. जब घर के अंदर से किसी की आवाज नहीं आई तो उसने दरवाजा को धक्का देकर अंदर गया. सभी बिस्तर पर बेहोश पड़े थे. उसने कहा कि, इस घटना के कारण उसका पूरा परिवार उजड़ गया.
गराई परिवार के पड़ोसी हलधर महत ने कहा कि, लड़कियां शाम को उनके घर आई थीं. ऐसे में उन्हें समझ नहीं आ रहा कि अचानक क्या हुआ. आज तक उन्होंने उनके घर में कभी किसी झगड़े या परेशानी के बारे में नहीं सुना.
बंदोवन थाना पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है. शुरुआत में पता चला है कि चारों लोगों ने मुरी (मुरमुरे या पफ्ड राईस) खाई थी. इस बात की जांच की जा रही है कि उनकी मौत मूरी के कारण हुई या इसके पीछे कोई और वजह है. पुलिस ससुर और पति से अलग-अलग बात कर रही है.
पुलिस स्थानीय निवासियों से लेकर परिवार के रिश्तेदारों से भी बात कर रही है और सभी के बयानों का मिलान कर रही है. साथ ही, यह भी जांच कर रही है कि किसी के बयानों में कोई विरोधाभास तो नहीं है. पुलिस अधिकारी इस बात की भी जांच कर रहे हैं कि क्या यह घटना जहर के अलावा किसी और वजह से हुई होगी.


