रांचीः मुंबई की एक युवती के साथ शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने और निजी तस्वीरें वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने वाले युवक को लालपुर इलाके स्थित एक स्पा सेंटर से गिरफ्तार किया गया है. महिला के द्वारा दर्ज जीरो एफआईआर पर यह कार्रवाई की गई है.
रांची की कोतवाली पुलिस और महिला थाना की संयुक्त टीम ने मुंबई की एक युवती को ब्लैकमेल कर यौन शोषण करने वाले आरोपित नदीम को लालपुर इलाके से गिरफ्तार कर लिया है. पीड़ित युवती ने बताया कि आरोपित नदीम ने एक साथ काम करने के दौरान उससे दोस्ती की फिर शादी का झांसा देकर उसके साथ यौन शोषण किया.
इसी दौरान नदीम ने पीड़िता की अश्लील तस्वीरें भी बना ली, जिसके आधार पर वो युवती को ब्लैकमेल कर उसका यौन शोषण करता था. रांची के कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय ने बताया कि मामला संज्ञान में आने के बाद आरोपित नदीम को गिरफ्तार कर लिया गया है. आरोपित नदीम मूलरूप से झारखंड के गोमिया का रहने वाला है और फिलहाल रांची में ही रह रहा था. कोतवाली डीएसपी का कहना है कि पुलिस को जो शिकायत मिली है उसके आधार पर आरोपी को पकड़ा गया है. फिलहाल अनुसंधान किया जा रहा है.
अश्लील तस्वीरें दिखाकर करता था यौन शोषण
पीड़िता ने बताया कि नदीम और वह मुंबई में एक ही कंपनी में काम करते थे. इस दौरान दोनों के बीच दोस्ती हुई. दोनों एक साथ रहने लगे. इसी दौरान शादी का झांसा देकर युवती के साथ संबंध बनाया. जब युवती ने शादी का दबाव बनाया तो आरोपी भागकर रांची पहुंच गया. युवती ने नदीम से जब संपर्क किया तो उसने लड़की पर स्पा सेंटर में काम करने का दबाव देने लगा लेकिन लड़की ने स्पा सेंटर में काम करने से इनकार कर दिया.
हालांकि नदीम के पास लड़की की कुछ अश्लील तस्वीरें भी थीं, जिसको दिखाकर वह उसका यौन शोषण करता था. युवती ने पुलिस को बताया कि उन दोनों के बीच करीब पांच महीने से संबंध था. नदीम ने जब शादी करने से इनकार किया तो पीड़िता सीधे रांची पहुंची और कोतवाली थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को स्पा सेंटर से ही गिरफ्तार कर लिया.


