Sunday, March 29, 2026

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिन पर उनके बायोपिक का एलान हुआ है.

Share

 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आज (17 सितंबर) 75वां जन्मदिन है. इस खास मौके पर उन्हें देशभर से शुभकामनाएं मिल रही हैं. वहीं, सिल्वर कास्ट क्रिएशंस ने बुधवार को पीएम मोदी के बायोपिक का एलान किया है. मेकर्स ने फिल्म के शीर्षक से पर्दा भी हटाया है.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिन के अवसर पर, सिल्वर कास्ट क्रिएशंस ने आज अपनी आगामी प्रोजेक्ट का एलान किया है, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन पर आधारित एक बायोपिक है. मेकर्स ने एक नया पोस्टर जारी करते हुए बायोपिक के शीर्षक के बारे में खुलासा किया है.

मेकर्स ने शीर्षक का किया खुलासा
उन्होंने पीएम मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए कैप्शन में लिखा है, ‘एक ऐसे व्यक्ति की कहानी जो युद्धों से आगे बढ़कर युगों-युगों के लिए एक क्रांति बन जाती है, नाम है ‘मां वंदे’. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं. ईश्वर करे कि गौरव पुनः स्थापित हो और उज्जवल भविष्य की प्रतीक्षा हो’.

‘मां वंदे’ में मलयालम एक्टर उन्नी मुकुंदन अहम भूमिका निभाएंगे. इस फिल्म का निर्माण वीर रेड्डी एम. करेंगे. ‘मां वंदे’ में मोदी के बचपन से लेकर राष्ट्र के नेता के रूप में उनके उदय तक के असाधारण सफर को दर्शाया जाएगा. इतना ही नहीं, इस बायोपिक में उनकी मां हीराबेन मोदी के साथ उनके गहरे जुड़ाव को भी उजागर किया जाएगा, जो जीवन भर उनके लिए अटूट प्रेरणा का स्रोत रहीं.

उन्नी मुकुंदन ने पुराने दिनों को किया याद
उन्नी मुकुंदन ने इंस्टाग्राम पर फिल्म का पोस्ट साझा करते हुए एक लंबा नोट साझा किया है. उन्होंने लिखा है, ‘मुझे यह बताते हुए बेहद खुशी हो रही है कि मैं क्रांति कुमार की निर्देशित और मावंडे मूवी द्वारा निर्मित आगामी फिल्म मां वंदे में भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र दामोदरदास मोदी जी का किरदार निभाऊंगा. अहमदाबाद में पले-बढ़े होने के कारण, मैंने उन्हें बचपन में पहली बार अपने मुख्यमंत्री के रूप में जाना था. सालों बाद, अप्रैल 2023 में, मुझे उनसे व्यक्तिगत रूप से मिलने का सौभाग्य प्राप्त हुआ, एक ऐसा क्षण जिसने मुझ पर अमिट छाप छोड़ी.’

आगे लिखते हैं, ‘एक एक्टर के तौर पर, इस भूमिका में कदम रखना बेहद रोमांचक और प्रेरणादायक है. उनका राजनीतिक सफर असाधारण रहा है, लेकिन इस फिल्म में हमारा उद्देश्य एक राजनेता से आगे बढ़कर उस व्यक्ति को तलाशना है, खासकर उनकी मां के साथ उनके गहरे रिश्ते को, जिन्होंने उनके चरित्र और आत्मा को आकार दिया.’

आखिरी में उन्नी लिखते हैं, ‘उनसे मेरी अपनी बातचीत के दौरान, उनके दो शब्द जीवन की तमाम परीक्षाओं में मेरे साथ रहे हैं. गुजराती में उन्होंने कहा था: “झुकवानु नाहि”, जिसका अर्थ है “कभी झुकना नहीं.” तब से ये शब्द मेरे लिए शक्ति और संकल्प का स्रोत रहे हैं. मां वंदे दुनिया भर में, हर प्रमुख भारतीय भाषा में और दुनिया भर में रिलीज होगी. इस विशेष अवसर पर, मैं पूरे देश के साथ मिलकर हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र दामोदरदास मोदी जी को उनके 75वें जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं’.

‘मां वंदे’ के बारे में
निर्देशक क्रांति कुमार सीएच ‘मां वंदे’ को निर्देशित कर रहे हैं. वहीं, वीर रेड्डी एम इस फिल्म को प्रोड्यूज कर रहे हैं. ‘बाहुबली’ और ‘ईगा’ के लिए मशहूर सिनेमैटोग्राफर केके सेंथिल कुमार कैमरा संभालेंगे, जबकि राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता श्रीकर प्रसाद एडिटिंग का कार्यभार संभालेंगे.

इस फिल्म को अत्याधुनिक वीएफएक्स और अंतर्राष्ट्रीय प्रोडक्शन वैल्यू के साथ बड़े पैमाने पर तैयार किया जा रहा है. ‘मां वंदे’ के पीछे की टीम में भारतीय सिनेमा के कुछ सबसे खास तकनीशियन शामिल हैं. मां वंदे को कई भारतीय भाषाओं के साथ-साथ अंग्रेजी में भी बनाया जाएगा. हालांकि फिल्म की रिलीज की तारीख अभी घोषित नहीं की गई है.

पीएम मोदी के जन्मदिन पर, भारतीय फिल्म इंडस्ट्री की कई प्रमुख हस्तियों ने सोशल मीडिया के जरिए से अपनी हार्दिक शुभकामनाएं दी है, जिसमें अक्षय कुमार, चिरंजीवी, रजनीकांत, जूनियर एनटीआर, मोहनलाल, पवन कल्याण, कमल हासन जैसे सितारों के नाम शामिल हैं.

Maa Vande

Read more

Local News