Saturday, March 28, 2026

चतरा में बालू माफिया ने एक चौकीदार को कुचलकर मारने की कोशिश की है. चौकीदार की हालत गंभीर है.

Share

चतराः जिले में बालू माफियाओं का दुस्साहस एक बार फिर देखने को मिला है. इस बार बालू माफियाओं और अवैध परिवहन करने वाले वाहन चालकों ने अपने गैर कानूनी कृत्यों से पुलिस और जिला प्रशासन के सामने खुली चुनौती पेश कर दी है.

दरअसल, गुप्त सूचना के आधार पर हंटरगंज में बालू माफियाओं और अवैध बालू परिवहन के विरुद्ध कार्रवाई करने गई सीओ की टीम पर माफियाओं ने जानलेवा हमला किया है. बालू माफियाओं के इस हमले में हंटरगंज सीओ के बॉडीगार्ड को गंभीर चोट आई है.

ट्रैक्टर से गिराने के बाद रौंदने की कोशिश

जानकारी के अनुसार हंटरगंज सीओ ऋतिक कुमार थाना क्षेत्र के खूंटीकेवाल इमलियाटांड़ इलाके से अवैध बालू लदे ट्रैक्टर को जब्त कर थाना ला रहे थे. सीओ ने जब्त ट्रैक्टर पर अपने बॉडीगार्ड चौकीदार को बिठा दिया था. इसी दौरान जैसे ही सीओ की गाड़ी आगे निकली ट्रैक्टर मालिक सह चालक ने गाड़ी को बेकाबू तरीके से चलाना शुरू कर दिया.

जिससे ट्रैक्टर पर बैठे सीओ के बॉडीगार्ड चौकीदार योगेंद्र कुमार ट्रैक्टर से नीचे सड़क पर गिर गए. चौकीदार के नीचे गिरते ही बेकाबू ट्रैक्टर के ट्रॉली का टायर चौकीदार के दोनों पैर के जांघ पर चढ़ गया और ट्रैक्टर आगे जाकर पलट गया. ट्रैक्टर के पलटने के बाद चालक सह वाहन मालिक मौके पर घायल चौकीदार और गाड़ी छोड़कर फरार हो गया.

घायल चौकीदार की हालत गंभीर, रेफर

इसके बाद स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना सीओ और हंटरगंज थाना पुलिस को दी. जानकारी मिलते ही सीओ और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घायल चौकीदार को उठाकर इलाज के लिए सदर अस्पताल भिजवाया. जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने घायल चौकीदार को बेहतर इलाज के लिए रांची के रिम्स रेफर कर दिया है. घायल चौकीदार सदर थाना क्षेत्र के सिन्दूवारी बधार गांव का रहने वाला है. घटना के बाद पुलिस अवैध बालू लदे ट्रैक्टर को जब्त कर थाना ले आई है.

थाना प्रभारी ने दी जानकारी

इस संबंध में थाना प्रभारी प्रभात कुमार ने बताया कि चौकीदार को घायल करने वाले वाहन मालिक की पहचान कर ली गई है. ट्रैक्टर मालिक खुद ही गाड़ी चला रहा था. उसकी गिरफ्तारी को लेकर सघन छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है, जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

सीओ पर लापरवाही का आरोप

इधर, चौकीदार के घायल होने के बाद चौकीदार संघ ने हंटरगंज के अंचलाधिकारी पर लापरवाही का आरोप लगाया है.चौकीदार संघ ने मामले में हमलावर वाहन मालिक और चालक की अविलंब गिरफ्तारी सुनिश्चित करते हुए घायल चौकीदार के समुचित उपचार की व्यवस्था करने की मांग जिला प्रशासन से की है.

Read more

Local News