रांची: जिले के बीआईटी ओपी क्षेत्र में रहने वाली मां-बेटी के साथ छेड़खानी और मारपीट करने वाले आरोपी जहीर शेख को गिरफ्तार कर लिया गया है. मामले की शिकायत सीएम हेमंत सोरेन तक पहुंची थी, जिसके बाद रांची पुलिस रेस हुई.
पूरा मामला रांची के बीआईटी ओपी क्षेत्र का है. यहां कुछ दिन पहले कुछ लोगों के द्वारा एक व्यक्ति घर में घुसकर एक महिला और उसकी नबालिग बेटी के साथ दुष्कर्म करने का प्रयास किया गया था. विरोध करने पर आरोपियों के द्वारा महिला और उसकी बेटी को लोहे के रड से मारा गया, जिसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गई.
शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण इकट्ठा हो गए. इस दौरान आरोपी वहां से भाग गया. महिला और उनकी बेटी हो जनजाति परिवार से आती है. सबसे हैरानी की बात है कि बीआईटी पुलिस ने मामले में गंभीरता नहीं दिखाई और ना ही कोई कार्रवाई की. जिसके बाद मामले की जानकारी सीएम हेमंत सोरेन को दी गई.
पुलिस के द्वारा मामले में संज्ञान नहीं लिए जाने के बाद एक्स के जरिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को घटना की जानकारी दी गई. जिसपर सीएम ने तुरंत संज्ञान लिया और रांची पुलिस को घायल मां-बेटी का बेहतर इलाज करवाने के साथ-साथ आरोपियों पर कार्रवाई का निर्देश दिया. इसके बाद रांची पुलिस हरकत में आई और मुख्य आरोपी जाहिर शेख को गिरफ्तार कर लिया. बाकी अन्य आरोपियों की तलाश जारी है.
डीसी ने दी जानकारी
रांची डीसी मंजूनाथ भजंत्री ने एक्स पोस्ट कर मामले की पूरी जानकारी साझा की है. डीसी ने लिखा कि माननीय मुख्यमंत्री महोदय रांची पुलिस ने त्वरित संज्ञान लेते हुए संबंधित मामले में बीआईटी मेसरा ओपी में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. मुख्य अभियुक्त को भी गिरफ्तार कर लिया गया है. साथ ही मां और बेटी को बेहतर चिकित्सा सुविधा प्रदान करने हेतु सिविल सर्जन सदर को निर्देश दिए गए हैं.


