Wednesday, March 18, 2026

व्यक्ति ने प्रेमिका की हत्या कर शव नाले में फेंक दिया.

Share

पाकुड़: जिले के महेशपुर थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा किया है. शादी से इनकार करने पर प्रेमी विजय हेंब्रम ने अपनी प्रेमिका की हत्या कर दी और मामले को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को नाले में फेंक दिया. पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी विजय को गिरफ्तार कर लिया है और उसके पास से मृतका का मोबाइल फोन भी बरामद किया है.

पाकुड़ की पुलिस अधीक्षक (एसपी) निधि द्विवेदी ने बताया कि महेशपुर थाना क्षेत्र के बुधारपोखर कैनाल के पास कुछ दिन पहले 20 वर्षीय लड़की का शव बरामद हुआ था. शव नाले के पानी में सड़-गल चुका था. ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा. लड़की के परिजनों ने थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी. मामले के उद्भेदन के लिए एसडीपीओ महेशपुर के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित किया गया. तकनीकी साक्ष्यों और पुलिसिया जांच के आधार पर विजय हेंब्रम को हिरासत में लिया गया.

एसपी ने बताया कि पूछताछ के दौरान विजय ने हत्या की बात स्वीकार की. जांच में पता चला कि विजय और लड़की के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था. विजय लगातार लड़की पर शादी का दबाव बना रहा था, लेकिन लड़की ने शादी से इनकार कर दिया. इससे गुस्साए विजय ने आवेश में आकर उसकी हत्या कर दी और शव को कैनाल के नाले में फेंक दिया ताकि इसे आत्महत्या का रूप दिया जा सके.

पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और गहन जांच के आधार पर विजय को गिरफ्तार किया. उसके पास से लड़की का मोबाइल फोन बरामद हुआ, जो जांच में महत्वपूर्ण साक्ष्य साबित हुआ. पुलिस ने मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है और आरोपी को जल्द ही अदालत में पेश किया जाएगा.

Read more

Local News