Friday, July 3, 2026

युवक की चाकू गोदकर हत्या, शव पोखर से बरामद, पुलिस जांच में जुटी

Share

बिहारशरीफ के मानपुर थाना क्षेत्र के सरबहदी गांव में एक युवक का शव पोखर से बरामद होने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान राजा चौधरी के रूप में हुई है जो शुक्रवार शाम से लापता था। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है क्योंकि उसके शरीर पर चाकू के निशान पाए गए हैं।

बिहारशरीफ(नालंदा। मानपुर थाना क्षेत्र के सरबहदी गांव में शनिवार की सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब गांव के बाहर स्थित पोखर से एक युवक का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान सरबहदी निवासी राजा चौधरी (28) के रूप में हुई है। वह शुक्रवार शाम से लापता था।

स्वजन के अनुसार राजा चौधरी शुक्रवार शाम घर से खाना खाने के बाद ताश खेलने के लिए निकला था। देर रात तक घर नहीं लौटा तो स्वजन को चिंता हुई। शनिवार सुबह ग्रामीणों ने पोखर में उसका शव देखा और तत्काल इसकी सूचना परिवार को दी।

मृतक के चचेरे भाई भोला चौधरी ने आरोप लगाया कि बदमाशों ने राजा की बेरहमी से हत्या की है। उसके सिर और शरीर के कई हिस्सों पर चाकू से गोदने के निशान मिले हैं। हत्या के बाद शव को पोखर में फेंक दिया गया।

घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। सदर डीएसपी-1 नुरुल हक ने बताया कि प्रथमदृष्टया मामला हत्या का लग रहा है। घटनास्थल से ताश के पत्ते भी मिले हैं। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। एफएसएल टीम को बुलाकर साक्ष्य संकलन कराया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए बिहार शरीफ सदर अस्पताल भेज कर स्वजन को सौंप दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने दावा किया है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।

Read more

Local News