भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह एक बार फिर मुश्किल में पड़ गए हैं, वो भी सोशल मीडिया पर एक वायरल वीडियो की वजह से. सुर्खियों में रहने वाले इस भोजपुरी सुपरस्टार को हाल ही में उस समय आलोचनाओं का सामना करना पड़ा जब एक वीडियो ऑनलाइन वायरल हुआ जिसमें उन्हें लखनऊ में एक प्रमोशन इवेंट के दौरान अपनी को-स्टार अंजलि राघव को अनुचित तरीके से छूते हुए दिखाया गया था. वीडियो वायरल होने के बाद, अंजलि ने सोशल मीडिया पर इस बारे में बात की और एलान किया कि उन्होंने भोजपुरी इंडस्ट्री छोड़ने का फैसला कर लिया है. अब, पवन सिंह ने इंस्टाग्राम पर अंजलि से माफी मांगी है.
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह ने बीते शनिवार आधी रात को अपने इंस्टाग्राम पर एक नोट साझा किया, जिसमें उन्होंने क्षमा मांगते हुए सफाई दी है. उन्होंने अपने नोट में कहा है कि अंजलि के प्रति उनका कोई गलत इरादा नहीं था.
पवन सिंह का सॉरी नोट
पवन सिंह ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर पोस्ट साझा करते हुए कैप्शन में लिखा है, ‘अंजलि जी व्यस्त शेड्यूल के कारण मैं आपका लाइव देख नहीं पाया, मुझे जब इस बात की जानकारी हुई, तो मुझे बुरा लगा, मेरा आपके प्रति कोई भी गलत इंटेशन नहीं था क्योंकि हमलोग कलाकार हैं, इसके बावजूद अगर आपको हमारे किसी भी व्यवहार से तकलीफ हुई हो तो उसके लिए मैं क्षमा प्रार्थी हूं.’

पवन सिंह के माफी पर अंजलि की प्रतिक्रिया
अंजलि ने पवन सिंह की माफी पर प्रतिक्रिया दी है. अंजलि ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी का सहारा लेते हुए पवन सिंह के पोस्ट को साझा किया है और लिखा, ‘पवन सिंह जी ने अपनी गलती की माफी मांग सली है. वो मुझसे बड़े हैं और सीनियर आर्टिस्ट हैं. मैंने उन्हें माफ कर दिया है. मैं इस बात को और आगे नहीं बढ़ाना चाहती जय श्री राम.’

अंजलि का भोजपुरी इंडस्ट्री छोड़ने का एलान
सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में पवन सिंह को-स्टार अंजलि राघव को भरे मंच पर कथित तौर पर छूते नजर आ रहे हैं. इस घटना के बाद अपने हरियाणवी संगीत वीडियो के लिए मशहूर एक्ट्रेस अंजलि राघव ने इंस्टाग्राम पर वीडियो शेयर किए, जिसमें वह कहती है कि वह इस घटना के बाद से बहुत दुखी हैं. इतना ही नहीं, अंजलि ने यह भी एलान किया कि वह भोजपुरी फिल्मों से दूरी बना लेंगी.
हालांकि अंजलि ने कहा कि वह इस विवाद को लंबा नहीं खींचना चाहतीं, लेकिन इस वीडियो ने लोगों के बीच भोजपुरी इंडस्ट्री में कार्यस्थल पर व्यवहार को लेकर बहस छेड़ दी. बात दें, पवन सिंह और अंजलि राघव ने एक म्यूजिक वीडियो ‘सइयां सेवा करे’ में एक साथ नजर आए हैं.


