Wednesday, March 18, 2026

सिमडेगा में महिला ने अपने पति के ऊपर पेट्रोल डालकर उसे जिंदा जला दिया.

Share

सिमडेगा: बानो प्रखंड में एक महिला ने अपने पति पर पेट्रोल डालकर उसे जिंदा जला दिया. इस घटना में युवक गंभीर रूप से झुलस गया. इसके बाद युवक को आनन-फानन में राउरकेला आइजीएच अस्पताल में भर्ती कराया गया. जहां उसका इलाज चल रहा है. युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है. यह घटना क्षेत्र के गेनमेर पंचायत गोंझूटोली शुक्रवार लगभग ग्यारह बजे दिन की है.

बताया जा रहा है कि गेनमेर गंझू टोली निवासी पूजा देवी ने अपने पति मनोज सिंह (26) पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी. इसमें युवक बुरी तरह से झुलस गया. फिलहाल उसका राऊरकेला आइजीएच अस्पताल में इलाज चल रहा है. मिली जानकारी के अनुसार, मनोज सिंह और पूजा देवी की शादी करीब चार माह पूर्व हुई थी. शुक्रवार को मनोज अपने घर से कुछ दूरी पर बैठा था. इसी दौरान अचानक उसकी पत्नी आई और उस पर पेट्रोल डालकर आग लगा दिया. जिससे वह पूरी तरह झुलस गया.

लोगों को कहना है कि दोनों के बीच इससे पहले नोकझोंक हुई थी जिससे महिला बेहद नाराज थी. हालांकि अभी तक ये साफ नहीं हो पाया कि महिला ने अपनी पति को क्यों जलाया. महिला के पति को जलाने के बाद मौके पर ग्रामीणों के सहयोग से आग बुझाई गई और आनन फानन में इलाज के लिए आईजीएच अस्पताल ले जाया गया. जहां उसका इलाज चल रहा है. लेकिन हालत गंभीर बताई जा रही है.

इधर, घटना की सूचना मिलते ही गिर्दा ओपी प्रभारी जितेन्द्र वर्मा घटनास्थल पर पहुंचे और महिला को हिरासत में लेकर मामले की जांच में जुट गए. ओपी प्रभारी जितेन्द्र वर्मा ने बताया कि युवक को जिंदा जलाने की कोशिश की गई है. फिलहाल युवक का इलाज राउरकेला आइजीएच अस्पताल में चल रहा है. उन्होंने बताया कि महिला से पूछताछ की जा रही है. हालांकि वह अभी इस मामले में चुप्पी साधे हुए है और कुछ भी नहीं बोल रही है. यही वजह है कि घटना के पीछे ठोस वजह क्या है इसका पता नहीं चल पाया है.

Read more

Local News