कासरगोड (केरल) : केरल-कर्नाटक सीमा पर कासरगोड के थलप्पडी में गुरुवार को एक बड़ा हादसा हो गया. कर्नाटक राज्य सड़क परिवहन निगम (KSRTC) की बस ने सड़क किनारे खड़े ऑटोरिक्शा को टक्कर मार दी. इससे ऑटोरिक्शा में सवार छह लोगों की मौत हो गई. वहीं हादसे में कई लोग घायल बताए गए हैं.
बताया जाता है कि कर्नाटक केएसआरटीसी की तेज रफ्तार बस ने अपना नियंत्रण खो दिया और सड़क के किनारे खड़े ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी. शुरुआती रिपोर्टों से पता चलता है कि ब्रेक फेल होने के कारण यह हादसा हुआ. हालांकि हादसे के कारणों की सही वजह सामने नहीं आ सकी है.
मृतकों की पहचान नफीसा, खदीजा, आयशा, हस्ना (11), ऑटोरिक्शा चालक हैदर अली और हवम्मा के रूप में हुई है. सभी कर्नाटक के केसी रोड निवासी थे. हादसे के वक्त सभी पीड़ित ऑटोरिक्शा में सवार थे.
बस ने कुछ पैदल यात्रियों को भी कुचला
भारी बारिश के कारण कई पैदल यात्री सड़क के पास बस का इंतजार कर रहे थे, तभी तेज गति से आ रही आरटीसी बस ने उन्हें कुचल दिया. दुर्घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें साफ तौर पर दिख रहा है कि बस इंतजार कर रहे लोगों से टकराती है और फिर एक ऑटोरिक्शा से टकरा जाती है.
हादसे में ऑटोरिक्शा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दुर्घटना के समय घटनास्थल पर कई लोग मौजूद थे. प्रत्यक्षदर्शियों ने यह भी बताया कि घायलों को मंगलुरु के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है.
केरल और कर्नाटक दोनों पुलिस स्थिति का आकलन करने के लिए घटनास्थल पर पहुंच गई हैं.
प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कैसा का मंजर
घटना बाल-बाल बचे एक अन्य ऑटो चालक समीर ने ईटीवी भारत से बात करते हुए बताया कि बस तेज रफ़्तार से चल रही थी. उसने बताया कि जब बस मेरे पीछे ऑटोरिक्शा से टकराई, तो मुझे टक्कर की आवाज सुनाई दी. जब मैं मुड़ा, तो देखा कि बस सीधे हमारी तरफ आ रही है.
इतने बस मेरे ऑटोरिक्शा से टकरा गई. मैंने भागने की कोशिश की, लेकिन बस ने मुझे भी टक्कर मार दी और मेरा संतुलन बिगड़ गया. समीर के बताया कि उस समय भारी बारिश हो रही थी, यही वजह है कि स्टॉप पर कम लोग इंतजार कर रहे थे.
अस्पताल प्रशासन ने बताया कि कुछ घायलों की हालत गंभीर है. पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है.
अनुपयुक्त बस को लेकर विधायक ने उठाए सवाल
कासरगोड विधायक ने अनुपयुक्त बस को लेकर लापरवाही की आलोचना की. कासरगोड के विधायक एन.ए. नेल्लिक्कुन्नू ने कहा कि दुर्घटना में शामिल बस पूरी तरह से बेकार हो चुकी थी. विधायक ने कहा, “टायर बुरी तरह घिस गए थे. अयोग्य बसों के संचालन को रोकने के लिए सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए. केरल और कर्नाटक, दोनों सरकारों ने इस मामले में लापरवाही बरती है.”


