मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दीदारगंज में कच्चीदरगाह-बिदुपुर छह लेन पुल के पटना अप रैंप का उद्घाटन किया। इस रैंप के बनने से शहर में जाम की समस्या कम होगी। पथ निर्माण विभाग ने 28 करोड़ की सड़क योजनाओं को मंजूरी दी है जिसमें औरंगाबाद गया और पटना जिले की योजनाएं शामिल हैं।
पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को दीदारगंज में कच्चीदरगाह-बिदुपुर छह लेन पुल के पटना अप रैंप का लोकार्पण किया। इस मौके पर अधिकारियों ने नवनिर्मित पटना अप रैंप से की सड़क संपर्कता के बारे में मुख्यमंत्री को जानकारी दी।
मुख्यमंत्री ने इस मौके पर निर्देश दिया कि यहां के सर्विस रोड को भी दुरुस्त कराएं ताकि वाहनों का सुचारू रूप से परिचालन हो सके।
पटना अप रैंप का फायदा
पटना अप रैंप को कच्चीदरगाह-बिदुपुर छह लेन पुल के एक संपर्क पथ के रूप में बनाया गया है। यह जेपी गंगा पथ के अंतिम छोर दीदारगंज से आरंभ होकर नवनिर्मित छह लेन पुल तक जाता है।
इस संपर्क पथ के माध्यम से पटना शहर की तरफ से जेपी गंगा पथ होते हुए वाहनों का आगमन छह लेन पुल तक होगा। इससे शहर के अंदर वाहनों का दबाव कम होगा। जाम की समस्या से लोगों को मुक्ति मिलेगी। इस प्रोजेक्ट की लागत 44 करोड़ रुपए है।
ये रहे मौजूद
लोकार्पण के मौके पर विधानसभा अध्यक्ष नंदकिशोर यादव, पूर्व विधायक सतीश कुमार, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, पथ निर्माण विभाग के सचिव संदीप पुडकलकट्टी, मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि, विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह तथा बिहार राज्य पुल निर्माण निगम के प्रबंध निदेशक शीर्षत कपिल अशोक सहित कई अन्य आला अधिकारी मौजूद थे।
28 करोड़ की चार योजनाओं को मिली मंजूरी
पथ निर्माण विभाग ने शनिवार को राज्य योजना मद से 28 करोड़ सड़क योजनाओं को अपनी स्वीकृति प्रदान की। जिन योजनाओं को स्वीकृति दी गयी है, उनमें राजधानी स्थित चिरैयाटांड़ फ्लाईओवर के रख रखाव की भी एक योजना है।
पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन ने बताया कि तीन जिलों के लिए चार योजनाओं को मंजूरी दी गयी है। इनमें औरंगाबाद, गया एवं पटना जिले की योजनाएं शामिल हैं। चिरेयाटांड फ्लाई ओवर के एक्सपेंसन ज्वायंटव वियरिंग कोट आदि को कार्य योजना में शामिल किया गया है।
पथ निर्माण मंत्री ने कहा कि प्रदेश की आधारभूत संरचना को मजबूत करने के लिए विभाग लगातार कार्य कर रहा।, राज्य योजना मद के जरिए विभिन्न जिलों की महत्वपूर्ण योजनाओं को मंजूरी देते हुए निर्माण कार्य कराया जा रहा है।
विगत एक महीने में करीब 200 करोड़ से अधिक की योजनाओं को स्वीकृति प्रदान की गई हैं। इसी क्रम में आज भी 28 करोड़ की चार योजनाओं को स्वीकृत किया गया है।
आज जिन योजनाओं को स्वीकृति दी गई, उनमें औरंगाबाद ओल्ड जीटी रोड में जसोइया मोड़ से पोस्ट ऑफिस तक वाया रमेश चौक सड़क का मजबूतीकरण तथा नए आरसीसी नाला निर्माण कार्य, गयाजी में स्वराजपुरी मोड़ से श्रीजी स्वीट्स गुप्ता नमकीन से हनुमान मंदिर वाया टेकारी रोड के चैनेज तक पथ का मजबूतीकरण कार्य, गयाजी अन्तर्गत टेकारी रोड, कारू टी शाप से बारी रोड वाया भदानी कोल्ड स्टोरेज तक शामिल है।


