विशन फिल्म फैक्ट्री ने अपनी पहली फिल्म हवलदार मुरली नाइक की बायोपिक का एलान किया है. मेकर्स ने बीते सोमवार, 19 अगस्त को मोशन पोस्टर जारी किया और फिल्म के बारे में जानकारी दी. मेकर्स ने शहीद का रोल निभाने वाले एक्टर का नाम भी बताया है.
सोमवार को, मेकर्स ने शहीद जवान मुरली नाइक की बायोपिक का मोशन पोस्टर जारी किया है. मेकर्स ने खुलासा किया कि फिल्म में बिग बॉस तेलुगु सीजन 8 के प्रतियोगी रहे गौतम कृष्णा को मुख्य भूमिका निभाने के लिए साइन किया गया है.
पोस्टर में गौतम को युद्ध के मैदान में दिखाया गया है, जो सैनिकों और लड़ाकू विमानों से घिरा हुआ, घायल, थका हुआ है, इसके बावजूद वह दुश्मनों से लोहा लेते दिख रहे हैं. पोस्टर में गौतम कृष्ण को युद्ध के मैदान में सैनिकों, बख्तरबंद गाड़ियो और लड़ाकू विमानों से घिरा हुआ दिखाया गया है.
इस पोस्ट को जारी करते हुए मेकर्स ने पोस्ट के कैप्शन में लिखा है, ‘भारत माता का सच्चा सपूत. वो खून जिसने मिट्टी के लिए बहाया. वो इंसान जिसने हमारे कल के लिए अपना आज कुर्बान कर दिया. बलिदान परम धर्म . सैनिक मुरली नाइक की सच्ची कहानी पर आधारित. विशन फिल्म फैक्ट्री प्रोडक्शन नंबर 1 में मेरी तीसरी फिल्म का पहला लुक यहां है. शूटिंग जल्द शुरू होगी.’
गौतम कृष्णा बिग बॉस तेलुगु में अपनी उपस्थिति के लिए लोकप्रिय हैं. उन्होंने हाल ही में रोमांटिक कॉमेडी फिल्म सोलो बॉय में मुख्य भूमिका निभाई, जिसमें उन्होंने राम्या पसुपुलेटी के साथ काम किया.
कौन हैं शहीद मुरली नाइक?
शहीद जवान मुरली नाइक (25 वर्ष) आंध्र प्रदेश रहने वाले थे. वे 851 लाइट रेजिमेंट टुकड़ी के जवान थे और इस साल 8 मई को जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर सीमा पार से हुई गोलाबारी में शहीद हो गए थे.
मुरली नाइक की बायोपिक के बारे में
बलिदान परम धर्म की दमदार टैगलाइन पर आधारित यह फिल्म जबरदस्त एक्शन, भावनाओं और सशस्त्र बलों को एक अटूट सलामी का वादा करती है. मुरली नाइक की बायोपिक का निर्माण के. सुरेश बाबू कर रहे हैं. फिल्म के मुख्य कलाकारों और क्रू के बारे में अभी और जानकारी की घोषणा नहीं की गई है. बायोपिक की शूटिंग जल्द ही शुरू होगी. तेलुगु, हिंदी, तमिल, कन्नड़ और मलयालम में रिलीज होने वाली यह बायोपिक एक राष्ट्रीय श्रद्धांजलि है.


