पीएम के ऐलानों से शेयर बाजार में तेजी, सेंसेक्स-निफ्टी उछले. जीएसटी कटौती, सेमीकंडक्टर, रक्षा मिशन और ऑटो सेक्टर में बूस्टर से निवेशकों का भरोसा बढ़ा.
स्वतंत्रता दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लालकिले से किए गए आर्थिक ऐलानों का सीधा असर शेयर बाजार पर देखने को मिला. सोमवार को सेंसेक्स 718 अंक की तेजी के साथ 81,315 पर खुला, जबकि निफ्टी 307 अंक चढ़कर 24,938 पर पहुंच गया. हालांकि बैंक निफ्टी 599 अंक फिसलकर 55,940 पर रहा. रुपये में हल्की मजबूती रही और यह 87.46/$ पर कारोबार करता दिखा.
सेक्टोरल इंडेक्स में रौनक
ऑटो सेक्टर में लगभग 3% की तेजी दर्ज की गई. फार्मा, मेटल, आईटी और रियल्टी सेक्टर में भी मजबूती रही और सभी इंडेक्स करीब 1% मजबूत होकर कारोबार कर रहे हैं.
टॉप गेनर्स और लूजर्स
आज के टॉप गेनर्स में मारुति, बजाज फाइनेंस, अल्ट्राटेक सीमेंट, महिंद्रा एंड महिंद्रा और बजाज फिनसर्व शामिल रहे. वहीं, टीसीएस, सनफार्मा, आईटीसी, एलएंडटी और एचसीएल टेक सबसे ज्यादा गिरावट वाले शेयर रहे.
पीएम मोदी के बड़े ऐलान
लालकिले से प्रधानमंत्री मोदी ने कई आर्थिक फैसलों का संकेत दिया. उन्होंने दिवाली से पहले जीएसटी दरों में कटौती की घोषणा की. साथ ही, मेड इन इंडिया सेमीकंडक्टर चिप्स लॉन्च करने और रक्षा क्षेत्र में ‘सुदर्शन चक्र मिशन’ की शुरुआत करने की बात कही. उन्होंने बताया कि आने वाले महीनों में मैन्युफैक्चरिंग, फार्मा रिसर्च और ऊर्जा सुरक्षा पर सरकार का विशेष फोकस रहेगा.
ऑटो सेक्टर को बूस्टर
केंद्रीय उत्पाद और सीमा शुल्क बोर्ड (CBEC) की ओर से दरों में बदलाव की जानकारी दी गई. छोटी कार, टू–व्हीलर और बस पर जीएसटी दरें घटाने की तैयारी है. मौजूदा समय में 29–31% टैक्स को घटाकर 18% लाने पर चर्चा हो रही है.
सेमीकंडक्टर और रक्षा में आत्मनिर्भरता
पीएम मोदी ने कहा कि साल के अंत तक मेड इन इंडिया सेमीकंडक्टर चिप्स बाजार में उपलब्ध होंगी. साथ ही गहरे समुद्र से तेल खोजने के लिए राष्ट्रीय डीप वॉटर एक्सप्लोरेशन मिशन का भी ऐलान किया गया. रक्षा क्षेत्र को मजबूत करने के लिए ‘सुदर्शन चक्र मिशन’ लॉन्च किया गया है, जिसके तहत स्वदेशी रिसर्च और मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा मिलेगा.
फार्मा और फर्टिलाइजर पर फोकस
मोदी ने फार्मा और फर्टिलाइजर उद्योग को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि भारत को “दाम कम, दम ज्यादा” के मंत्र पर चलना होगा और अनुसंधान एवं विकास को बढ़ावा देना होगा.
वैश्विक हालात और बाजार की प्रतिक्रिया
पीएम मोदी के ऐलानों का असर गिफ्ट निफ्टी पर भी दिखा, जो 200 अंक चढ़कर 24,900 तक पहुंचा. वैश्विक बाजारों में भी सकारात्मक रुख देखने को मिला. डाओ फ्यूचर्स 50 अंक ऊपर और निक्केई 200 अंक मजबूत रहा. कच्चा तेल 66 डॉलर से नीचे और सोना–चांदी स्थिर स्तर पर रहे.


