Sunday, March 29, 2026

खाते में भेजे जा रहे पैसे ,बाढ़ पीड़ितों को 7000 रुपये की तुरंत मदद…

Share

Bihar Govt News बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भागलपुर के बाढ़ पीड़ितों को बड़ी राहत दी है। बाढ़ प्रभावित हर परिवार को 7000 रुपये की सरकारी अनुग्रह अनुदान राशि दी जाएगी। ये पैसे जल्द ही उनके बैंक खाते में भेजे जाएंगे। बाढ़ राहत-बचाव कार्यों की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री को अद्यतन स्थिति से अवगत कराया गया।

भागलपुर। बुधवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में भागलपुर सहित बाढ़ प्रभावित जिलों में चलाए जा रहे बाढ़ राहत कार्य की समीक्षा की गई। आपदा प्रबंधन विभाग के अपर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने मुख्यमंत्री को गंगा किनारे के 10 जिलों में बाढ़ राहत कार्य की अद्यतन स्थिति से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि 10 जिलों के 54 प्रखंडों के 348 पंचायतों में 24.64 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं।

भागलपुर में राहत एवं बचाव कार्य तेजी से चल रहा है। एनडीआरएफ की सात में से छह टीमें भागलपुर में तैनात हैं। 60 मोटर बोट और 1233 नावों का परिचालन कर 37,000 लोगों को बाढ़ प्रभावित इलाकों से सुरक्षित निकाला गया है। 52,573 लोगों को पालीथिन शीट और 1785 लोगों को सूखा राशन पैकेट उपलब्ध कराया गया है। 8,811 लोगों को बाढ़ राहत शिविर में रखा गया है।

भागलपुर में बाढ़

  • मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने की विभिन्न जिलों में चलाए जा रहे बाढ़ राहत कार्य की आनलाइन समीक्षा
  • भागलपुर के 85 पंचायत के छह लाख लोग बाढ़ से प्रभावित, 32,814 लोगों को निकाला गया सुरक्षित
  • 186 सामुदायिक किचन में अब तक सात लाख 67 हजार लोग कर चुके हैं भोजन
  • आवागमन की सुविधा के लिए चलाई जा रहीं 104 नावें
  • एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की आठ टीमों के 180 जवान 36 मोटर बोट से चला रहे रेस्क्यू अभियान
  • 10 जिलों में बाढ़ राहत कार्य की अद्यतन स्थिति से अपर मुख्य सचिव ने कराया अवगत
  • 3360 पशु बाढ़ से प्रभावित हुए हैं जिले में, 335 क्विंटल चारा का किया जा चुका वितरण

डीएम डा. नवल किशोर चौधरी ने बताया कि भागलपुर के 12 प्रखंडों में 85 पंचायतों के लगभग छह लाख लोग प्रभावित हैं। आठ अगस्त से सामुदायिक किचन प्रारंभ किया गया है। अभी 186 किचन चल रहे हैं। अब तक सात लाख 67 हजार लोगों को भोजन कराया जा चुका है। आवागमन की सुविधा के लिए 104 नावें चलाई जा रही हैं। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की आठ टीमों के 180 जवान 36 मोटर बोट से लगातार रेस्क्यू अभियान चला रहे हैं। अब तक 32 हजार 814 लोग बाढ़ग्रस्त इलाकों से सुरक्षित निकाले जा चुके हैं। जिले में 3,360 पशु प्रभावित हुए हैं। 335 क्विंटल चारा का वितरण किया गया है।

कृषि विभाग ने बताया कि 94 प्रतिशत रोपनी हो चुकी है। फसल क्षति का आकलन किया जा रहा है। ऊर्जा विभाग ने कहा कि कहीं भी बिजली बाधित नहीं हुई है। जल संसाधन विभाग ने बताया कि भागलपुर इस्माइलपुर के बिंदटोली में कटाव पर तेजी से कार्य किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि बाढ़ प्रभावित परिवारों को कोई दिक्कत न हो और अनुग्रह अनुदान की राशि 7000 की दर से जल्द उनके खातों में प्रदान की जाए।

बैठक में भागलपुर के समीक्षा भवन से प्रमंडलीय आयुक्त हिमांशु कुमार राय, पुलिस महानिरीक्षक भागलपुर पूर्वी क्षेत्र विवेक कुमार, डीएम डा. नवल किशोर चौधरी, एसएसपी हृदय कांत, एसपी नवगछिया प्रेरणा कुमार, डीडीसी प्रदीप कुमार सिंह, नगर आयुक्त शुभम कुमार सहित अन्य अधिकारी आनलाइन जुड़े हुए थे।

Read more

Local News