वहीं, ट्रंप ने चीन पर टैरिफ बढ़ोतरी 90 दिन के टाल दिया है, जिससे सोना-चांदी के दामों और बाजारों में उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है.
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने साफ कर दिया है कि गोल्ड (सोना) के आयात पर किसी भी तरह का टैरिफ (आयात शुल्क) नहीं लगाया जाएगा. उन्होंने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर पोस्ट कर लिखा, “गोल्ड पर टैरिफ नहीं लगेगा.” यह बयान उस समय आया है जब हाल ही में यह भ्रम फैल गया था कि उनकी नई शुल्क वृद्धि कुछ प्रकार की गोल्ड बार पर भी लागू हो सकती है, जिससे वैश्विक सोना व्यापार प्रभावित होता.
अटकलों पर लगा विराम
पिछले हफ्ते अमेरिकी कस्टम अधिकारियों ने एक पत्र जारी किया था, जिसमें कहा गया था कि 1 किलोग्राम और 100 औंस वजन वाली गोल्ड बार को शुल्क के दायरे में रखा जाना चाहिए. इस पत्र के बाद सोना व्यापारियों और निवेशकों में चिंता बढ़ गई थी कि इससे अंतरराष्ट्रीय सोना बाजार में अस्थिरता आ सकती है.
- https://truthsocial.com/@realDonaldTrump/115011325631302905/embed
ट्रंप के स्पष्ट बयान के बाद अब इन अटकलों पर विराम लग गया है और व्यापार से जुड़े कारोबारी राहत महसूस कर रहे हैं. विशेषज्ञों का मानना है कि इस फैसले से सोने की कीमतों और इसके वैश्विक व्यापार में स्थिरता बनी रहेगी.
चीन पर टैरिफ बढ़ोतरी भी टली
ट्रंप ने चीन पर लागू होने वाले बढ़े हुए टैरिफ की डेडलाइन भी 90 दिनों के लिए आगे बढ़ा दी है. पहले यह डेडलाइन 12 अगस्त को रात 12:01 बजे (04:01 GMT) समाप्त होने वाली थी.
रिपोर्ट्स के अनुसार, यह निर्णय स्टॉकहोम में पिछले महीने अमेरिका और चीन के अधिकारियों के बीच हुई व्यापार वार्ता के बाद लिया गया है. हालांकि, पत्रकारों द्वारा कम टैरिफ दरों पर सवाल पूछे जाने पर ट्रंप ने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया. एक दिन पहले उन्होंने बीजिंग से अमेरिकी सोयाबीन की खरीद को चौगुना करने का आग्रह किया था.
बाजार पर मिला-जुला असर
ट्रंप के बयान के बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना 50 डॉलर गिरकर 3,400 डॉलर प्रति औंस के करीब आ गया, जबकि चांदी की कीमत में डेढ़ प्रतिशत की गिरावट आई. घरेलू बाजार में भी सोना 1,100 रुपये गिरकर 1 लाख 400 रुपये प्रति 10 ग्राम के नीचे और चांदी 1,400 रुपये लुढ़क गई.चीन पर टैरिफ बढ़ोतरी टलने से एशियाई बाजारों को अस्थायी राहत जरूर मिली, लेकिन अमेरिकी शेयर बाजार CPI आंकड़ों से पहले दबाव में बंद हुए.


