रांची: झारखंड में शिक्षक नियुक्ति प्रक्रिया अब तेजी पकड़ चुकी है. इसी क्रम में रांची जिले में कक्षा 6 से 8 के लिए गणित और विज्ञान विषय के 129 चयनित अभ्यर्थियों की काउंसलिंग की प्रक्रिया शुक्रवार से शुरू होगी. जिला प्रशासन द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार यह काउंसलिंग समाहरणालय भवन के ए ब्लॉक स्थित G-14 और G-15 कक्षों में आयोजित की जाएगी.
अभ्यर्थियों को दो पालियों में बुलाया गया है. पहली पाली में क्रम संख्या 1 से 65 तक, जबकि दूसरी पाली में 66 से 129 तक के अभ्यर्थियों की काउंसलिंग होगी. यह प्रक्रिया झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) द्वारा आयोजित प्रारंभिक विद्यालय प्रशिक्षित सहायक आचार्य संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा 2023 के परिणामों के आधार पर की जा रही है.
काउंसलिंग में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को अपने सभी मूल प्रमाण-पत्रों के साथ-साथ दो-दो स्वप्रमाणित प्रतियां भी लाने के निर्देश दिए गए हैं. ये दस्तावेज दो अलग-अलग फोल्डरों में क्रमवार जमा करने होंगे. जिन पर अभ्यर्थी का नाम, अनुक्रमांक, विषय, पिता का नाम और श्रेणी स्पष्ट रूप से लिखा होना चाहिए. अधिकारियों ने साफ किया है कि दस्तावेजों की जांच के दौरान यदि कोई कमी पाई जाती है, तो मौके पर ही सुधार का विकल्प दिया जाएगा, लेकिन अंतिम निर्णय प्रशासनिक मानकों पर आधारित होगा.
अभ्यर्थियों को काउंसलिंग की सूचना वेबसाइट के अलावा उनके मोबाइल नंबर, ई-मेल और व्हाट्सएप के माध्यम से भी दी गई है. इसके अतिरिक्त जिला प्रशासन ने हेल्पलाइन नंबर 8304036160 भी जारी किया है, जिस पर उम्मीदवार संपर्क कर सकते हैं.
डीसी मंजूनाथ भजंत्री ने जानकारी दी है कि सभी संबंधित दिशा निर्देश, सूची और प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी जिला प्रशासन की आधिकारिक वेबसाइट www.ranchi.nic.in पर उपलब्ध है. वेबसाइट से अभ्यर्थी अपनी काउंसलिंग शेड्यूल और चेकलिस्ट प्राप्त कर सकते हैं.
दस्तावेज सत्यापन के बाद चयनित अभ्यर्थियों को पदस्थापन पत्र जारी किए जाएंगे और उन्हें संबंधित विद्यालयों में नियुक्त कर दिया जाएगा. जिला प्रशासन की ओर से यह प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ संचालित की जा रही है. उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री के निर्देश पर शिक्षा विभाग और चयन आयोग समन्वय बनाकर कार्य कर रहा है, ताकि जिले के सरकारी विद्यालयों में योग्य शिक्षकों की बहाली जल्द से जल्द पूरी की जा सके.


