Monday, July 6, 2026

बेऊर जेल में तय हुआ था मामला – डबल मर्डर का सुपारी किलर सैफ पटना से गिरफ्तार

Share

लखीसराय के वलीपुर दोहरे हत्याकांड का खुलासा हुआ है जिसमें एसटीएफ ने सुपारी किलर मुहम्मद सैफ कुरैशी को गिरफ्तार किया है। एसडीपीओ शिवम कुमार ने बताया कि हत्या की सुपारी बेऊर जेल में तय हुई थी। जमीन विवाद के चलते मुखिया और वार्ड सदस्य के पुत्र की हत्या की गई थी जिसमें कई शूटर और साजिशकर्ता शामिल थे। पुलिस अब फरार आरोपियों की तलाश कर रही है।

लखीसराय। बहुचर्चित वलीपुर डबल मर्डर केस में बड़ा खुलासा हुआ है। इस दोहरे हत्याकांड में संलिप्त सुपारी किलर मुहम्मद सैफ कुरैशी को एसटीएफ ने पटना से गिरफ्तार कर लिया है।

लखीसराय के एसडीपीओ शिवम कुमार ने सोमवार को अपने कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि वलीपुर पंचायत के मुखिया चंदन कुमार उर्फ डोमू और वार्ड सदस्य इंदु देवी के पुत्र चंदन कुमार की 17 जून की रात गोली मारकर हत्या की गई थी।

इस संबंध में मृतक मुखिया की पत्नी पल्लवी कुमारी के बयान पर पिपरिया थाना में सात नामजद और पांच से सात अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया था।

बेऊर जेल में तय की गई थी हत्या की सुपारी

एसडीपीओ ने बताया कि हत्या की सुपारी बेऊर जेल में तय की गई थी, जहां बंद राजबीर ने भोजपुर के शूटर धीरज कुमार को सैफ कुरैशी का नंबर दिया था। जेल से बाहर आते ही धीरज ने सैफ से संपर्क किया।

सैफ ने हत्या की सुपारी पांच लाख रुपये में तय की और शूटरों की व्यवस्था कर मुखिया को रास्ते से हटाने की जिम्मेदारी ली। आधी रकम धीरज को एडवांस दी गई थी, जबकि बाकी रकम लेने बख्तियारपुर में पहुंचने पर वह पुलिस के हत्थे चढ़ गया।

इस हत्याकांड में दो हाेटलों के अलावा महादेव सिनेमा अपराधियों का अड्डा रहा। सिनेमा हाल के मैनेजर रमाकांत सिंह पहले ही गिरफ्तार हो चुके हैं।

जांच में खुलासा हुआ है कि हत्या की साजिश वलीपुर के ही स्व. विजय प्रसाद सिंह के पुत्र विकास भारद्वाज उर्फ विक्की और उनके चचेरे भाई शिवम उर्फ गोलू ने मिलकर रची थी।

गोलू ने सिनेमा हाल में दी थी पनाह

गोलू ने ही शूटरों को सिनेमा हाल में पनाह दी थी। पुलिस की अब तक की कार्रवाई में तीन मुख्य अप्राथमिकी आरोपित शूटर धीरज कुमार, मैनेजर रमाकांत सिंह और अब सुपारी किलर सैफ की गिरफ्तारी हो चुकी है।

पूरे कांड के पीछे जमीन विवाद बताया जा रहा है। पुलिस अब फरार अन्य शूटरों और साजिशकर्ताओं की तलाश में जुट गई है।

Read more

Local News