अमृत भारत एक्सप्रेस (22361/22362) 31 जुलाई से नियमित रूप से चलेगी जिससे बक्सर के यात्रियों को दिल्ली के लिए आरामदायक विकल्प मिलेगा। गोड्डा और दौराई के बीच एक नई एक्सप्रेस ट्रेन (19604/19603) भी शुरू हो रही है जो बिहार और झारखंड को राजस्थान से जोड़ेगी। इससे धार्मिक स्थलों तक पहुंच आसान होगी और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 22361 और 22362 अप और डाउन में 31 जुलाई से नियमित रूप से चलना शुरू कर देगी। इससे स्थानीय नगर से देश की राजधानी से मध्यम वर्गीय यात्रियों के जुड़ाव को बढ़ावा मिलेगा।
यह ट्रेन यात्रियों के लिए कम खर्च में एक सुविधाजनक यात्रा विकल्प प्रदान करती है। पूर्व मध्य रेलवे द्वारा जारी नोटिस में ट्रेन के समय, संरचना और अन्य महत्वपूर्ण विवरणों का उल्लेख किया गया है।
ट्रेन में 22 कोच शामिल होंगे, जिनमें विभिन्न प्रकार की सुविधा शामिल हैं। ट्रेन दैनिक रूप से संचालित होगी। जिसमें विभिन्न स्टेशनों पर आगमन और प्रस्थान के लिए विशिष्ट समय निर्धारित किया गया है।
ट्रेन स्थानीय रेलवे स्टेशन पर अप में 21:38 पर आगमन करेगी और दो मिनट के ठहराव के साथ 21:40 में प्रस्थान करेगी। वहीं डाउन में ट्रेन का समय सुबह में 8:58 आगमन का समय है। दो मिनट के ठहराव के बाद प्रस्थान का समय 9 बजे है।
देवघर-जसीडीह-झाझा-किउल-नवादा-गया-डीडीयू के रास्ते गोड्डा और दौराई के बीच नई ट्रेन का परिचालन
देवघर-जसीडीह-झाझा-किउल-नवादा-गया-डीडीयू के रास्ते गोड्डा और दौराई (अजमेर) के बीच एक नई ट्रेन 19604/19603 दौराई-गोड्डा-दौराई एक्सप्रेस का परिचालन प्रारंभ किया जा रहा है। इसका नियमित परिचालन दौराई से तीन अगस्त से प्रत्येक रविवार को तथा गोड्डा से पांच अगस्त से प्रत्येक मंगलवार को किया जाएगा।
इस ट्रेन में द्वितीय वातानुकूलित श्रेणी के 02 कोच, तृतीय वातानुकूलित श्रेणी के 03 कोच, तृतीय वातानुकूलित इकॉनोमी श्रेणी के 03 कोच, शयनयान श्रेणी के 07 कोच तथा साधारण श्रेणी के 04 कोच होंगे।
मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चन्द्र ने बताया कि गाड़ी संख्या 19603 दौराई-गोड्डा एक्सप्रेस दौराई से प्रत्येक रविवार को 15.30 बजे चलकर 23.05 बजे दिल्ली तथा सोमवार को 10.30 बजे डीडीयू, 11.24 बजे भभुआ रोड, 12.02 बजे सासाराम, 12.22 बजे डेहरी आन सोन, 13.55 बजे गया, 14.55 बजे तिलैया, 15.13 बजे नवादा, 15.50 बजे शेखपुरा, 16.55 बजे किउल, 18.50 बजे झाझा, 19.42 बजे जसीडीह, 19.55 बजे देवघर सहित अन्य स्टेशनों पर रूकते हुए 22.20 बजे गोड्डा पहुंचेगी।
इसी प्रकार वापसी में गाड़ी संख्या 19604 गोड्डा-दौराई एक्सप्रेस गोड्डा से प्रत्येक मंगलवार को 05.00 बजे चलकर 06.18 बजे देवघर, 06.36 बजे जसीडीह, 08.10 बजे झाझा, 08.53 बजे किउल, 09.28 बजे शेखपुरा, 10.13 बजे नवादा, 10.35 बजे तिलैया, 13.20 बजे गया, 14.40 बजे डेहरी आन सोन, 14.54 बजे सासाराम, 15.35 बजे भभुआ रोड, 17.00 बजे डीडीयू, बुधवार को 08.15 बजे दिल्ली सहित अन्य स्टेशनों पर रूकते हुए 17.20 बजे दौराई पहुंचेगी।
यह नई ट्रेन पूर्वी भारत के झारखंड और बिहार को पश्चिमी भारत के राजस्थान से सांस्कृतिक आदान-प्रदान एवं संपर्क बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। इस ट्रेन के शुरू होने से झारखंड एवं बिहार के विभिन्न धार्मिक और पर्यटन स्थलों जैसे देवघर, गया आदि तक पहुंचना आसान हो जाएगा। यह सेवा मार्ग पर आर्थिक गतिविधियों को बढ़ाने में भी मदद करेगी, जिससे स्थानीय व्यवसायों, पर्यटन और आस-पास के क्षेत्रों में व्यापार को लाभ होगा।


