Thursday, July 9, 2026

11वीं में एडमिशन के लिए दूसरी मेरिट लिस्ट जारी…….

Share

बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने इंटर नामांकन के लिए दूसरी मेरिट लिस्ट जारी कर दी है। छात्र ओएफएसएस वेबसाइट से सूची देख सकते हैं। दाखिले 19 जुलाई 2025 तक होंगे और विद्यालयों को सीट अपडेट करने के निर्देश दिए गए हैं। पहली सूची में 60% दाखिले हुए थे। तीसरी लिस्ट के लिए छात्र 19 जुलाई 2025 तक विकल्प भर सकते हैं। छात्रों को 20 विकल्प भरने का मौका मिलेगा।

समस्तीपुर। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने शैक्षणिक सत्र 2025-27 के लिए इंटर (कक्षा 11वीं) में नामांकन को लेकर ओएफएसएस के तहत विद्यार्थियों की दूसरी मेरिट लिस्ट जारी कर दी है। छात्र ओएफएसएस की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपनी चयन सूची देख सकते हैं।

मेरिट लिस्ट डाउनलोड करने के लिए छात्रों को मोबाइल नंबर एवं पासवर्ड डालकर लॉग-इन करना होगा। दूसरी मेधा सूची के आधार पर बुधवार से जिले के इंटर विद्यालयों में छात्रों का दाखिला शुरू हो गया। इंटर में दूसरी सूची पर दाखिला 19 जुलाई तक लेने की तिथि तय की गई है, जबकि विद्यालयों द्वारा सीट अपडेट करने की अंतिम तिथि 20 जुलाई तक है।

स्लाइड अप की तिथि भी 19 जुलाई तक रखी गई है, वहीं चयन सूची में ना आने वाले छात्रों के लिए विकल्प संशोधन 19 जुलाई तक रखा गया है। चयनित विद्यार्थी 19 जुलाई तक आवंटित विद्यालयों में नामांकन करा सकते हैं। बोर्ड ने सभी विद्यालय के प्राचार्यों को निर्देश दिया है कि प्रतिदिन ऑनलाइन पोर्टल पर नामांकन लेने वाले छात्रों की जानकारी अपडेट करें।

नामांकन पूरा करने के लिए, उम्मीदवारों को अपना ओएफएसएस इंटीमेशन लेटर 2025 ले जाना होगा, जिसे उसी वेबसाइट से डाउनलोड भी किया जा सकता है। डाक्यूमेंट वेरिफिकेशन और आवश्यक शुल्क के भुगतान के बाद ही दाखिला दिया जाएगा।

पहली सूची पर साठ प्रतिशत बच्चों का दाखिला

बिहार विद्यालय परीक्षा समिति की ओर से जारी पहली सूची पर 60 फीसदी से अधिक छात्रों का इंटर में दाखिला हो सका है। नामांकन से वंचित छात्र-छात्रा दूसरी सूची का इंतजार कर रहे थे। पहली सूची पर साइंस संकाय में सबसे अधिक दाखिला हुआ है। जिले में कुल 433 इंटर स्तरीय विद्यालय पंजीकृत है।

विभाग की ओर से अधिकांश इंटर स्कूलों में साइंस और आर्ट्स के लिए पढ़ाई की बेहतर व्यवस्था की गई है। इंटर में सबसे अधिक कला संकाय में 36 हजार 545 सीटें है। वहीं विज्ञान में 35 हजार 265 सीटों पर छात्र-छात्रा नामांकन मिलेगा। 186 विद्यालयों में कामर्स की पढ़ाई होती है। इसमें 11 हजार 332 सीट पर छात्रों का नामांकन होना है।

तीसरी नामांकन लिस्ट के लिए विकल्प भरने का मौका:

जिन छात्रों को दूसरी मेरिट लिस्ट में जगह नहीं मिलेगी वे प्रवेश के लिए 19 जुलाई 2025 तक दोबारा विकल्प भर सकते हैं। पुनः विकल्प चुनने के लिए छात्रों को किसी भी प्रकार का शुल्क नहीं देना होगा।

छात्र नामांकन के लिए न्यूनतम 10 एवं अधिकतम 20 विकल्प भर सकते हैं। नए भरे गए विकल्पों को ध्यान में रखकर तीसरी एडमिशन लिस्ट जारी की जाएगी।

Read more

Local News