Sunday, March 29, 2026

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उत्पीड़न के कारण आत्मदाह का प्रयास करने वाली छात्रा से एम्स भुवनेश्वर में मुलाकात की.

Share

भुवनेश्वर: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार को एम्स भुवनेश्वर का दौरा किया. इस दौरान उन्होंने बालासोर में फकीर मोहन (एफएम) स्वायत्त कॉलेज की उस छात्रा से मुलाकात की, जो कथित तौर पर एक संकाय सदस्य द्वारा उत्पीड़न की वजह से आत्मदाह का प्रयास करने के बाद यहां पर भर्ती है. उसका इलाज किया जा रहा है.

  • एम्स भुवनेश्वर में दीक्षांत समारोह में भाग लेने के बाद राष्ट्रपति ने अस्पताल की विशेष चिकित्सा इकाई में छात्रा से मुलाकात की. उन्होंने छात्रा का हालचाल पूछा और उसके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की. राष्ट्रपति छात्रा के माता-पिता से भी मुलाकात की. उन्होंने पीड़िता के स्वास्थ्य की जानकारी ली और उसके इलाज में लगे डॉक्टरों की टीम से बातचीत की.उन्होंने इस घटना पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए आश्वासन दिया कि मामले को गंभीरता से लिया जाएगा.
  • बता दें कि इस घटना के तुरंत बाद ओडिशा उच्च शिक्षा विभाग ने एफएम कॉलेज के प्रिंसिपल दिलीप कुमार घोष और सहायक प्रोफेसर समीर साहू को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया था. वहीं पुलिस ने पहले समीर साहू और सोमवार को दिलीप कुमार घोष को गिरफ्तार कर लिया.
  • बता दें कि आत्मदाह की कोशिश करने से पहले छात्रा ने कथित दुर्व्यवहार के लिए विभागाध्यक्ष समीर कुमार साहू के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए कॉलेज कैंपस के पास धरना दिया था. शिकायत के बाद भी जब कोई कार्रवाई नहीं हुई तो वह काफी निराश हो गई. इसके बाद उसने आत्मघाती कदम उठाने का फैसला लिया. बाद में छात्रा ने कथित तौर पर 12 जुलाई को कॉलेज प्राचार्य के कक्ष के सामने खुद को आग लगा ली थी. हालांकि मामले की जांच अभी चल रही है.
  • यात्रा के दौरान ओडिशा के राज्यपाल डॉ. हरि बाबू कंभमपति, मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान राष्ट्रपति के साथ थे.

Read more

Local News