Thursday, July 9, 2026

 सिपाही लिखित भर्ती परीक्षा के लिए डीएम के सख्त निर्देश, अभ्यर्थियों की होगी मैन्युअल जांच

Share

मधुबनी में सिपाही भर्ती परीक्षा को शांतिपूर्ण ढंग से कराने के लिए जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को निर्देश दिए। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रहेगी और कदाचार करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर कुछ भी अवैध सामग्री ले जाने की अनुमति नहीं होगी। परीक्षा के दौरान जैमर और सीसीटीवी कैमरे का इस्तेमाल किया जाएगा।

मधुबनी। सदाचार मुक्त और शांतिपूर्ण सिपाही भर्ती लिखित परीक्षा के सफल संचालन को लेकर जिलाधिकारी आनंद शर्मा और पुलिस अधीक्षक योगेन्द्र कुमार के द्वारा दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की ब्रीफिंग की गई।

नगर भवन मधुबनी में आयोजित उक्त बैठक में परीक्षा के लिए प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी व वरीय पदाधिकारी गण उपस्थित हुए।

बता दें कि जिले में सिपाही भर्ती लिखित परीक्षा का आयोजन परीक्षा का आयोजन क्रमशः 16, 20, 23, 27 एवं 30 जुलाई तथा 3 अगस्त को किया जाना है।

कदाचार मुक्त एवं शांतिपूर्ण वातावरण में परीक्षा कराने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में सशस्त्र बलों के साथ-साथ जोनल दंडाधिकारी, स्टेटिक दंडाधिकारी सह परीक्षक की प्रतिनियुक्ति की गई है।

उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्र पर जाने वाले दंडाधिकारी एवं अन्य पदाधिकारी भी अपना पहचान पत्र साथ रखना सुनिश्चित करेंगे।

परीक्षा केन्द्र में क्या लेकर जाएं क्या नहीं

उपस्थित अधिकारियों को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने बताया की परीक्षार्थियों को अपने साथ एडमिट कार्ड, फोटो आईडी, नीला अथवा काला पेन एवं फोटो के अतिरिक्त कोई भी सामग्री परीक्षा केंद्र में लेकर जाना वर्जित रहेगा।

उन्होंने कहा की परीक्षा कक्ष में केलकुलेटर, मोबाइल, ब्लूटूथ, वाईफाई गैजेट, इलेक्ट्रानिक पेन इत्यादि जैसी इलेक्ट्रानिक सामग्री एवं व्हाइटनर, इरेजर या ब्लेड जैसी सामग्री ले जाने की अनुमति नहीं रहेगी।

इस प्रकार की सामग्री पाए जाने पर परीक्षार्थी को कदाचार में लिप्त मानते हुए आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। कदाचार करते हुए पाए जाने पर परीक्षार्थी को उक्त परीक्षा सहित आगामी पांच वर्षों के लिए आयोग की परीक्षाओं में भाग लेने से वंचित कर दिया जाएगा।

उन्होंने कहा की परीक्षा से संबंधित भ्रामक एवं सनसनीखेज अफवाह फैलाने की स्थिति में पांच वर्षों के लिए आयोग की परीक्षा से वंचित कर दिया जाएगा।

डीएम ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर बायोमेट्रिक एवं जैमर की व्यवस्था रहेगी। महिला अभ्यर्थियों की जांच के लिए महिला शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति का भी निर्देश दिया गया है।

ढाई घंटे पूर्व ही शुरू हो जाएगी जांच

अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में परीक्षा प्रारंभ होने के ढाई घंटे पूर्व सुबह 9.30 बजे से 10.30 बजे तक ही सघन फ्रिस्किंग जांच के बाद प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। सुबह 10.30 बजे के बाद किसी भी हाल में अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा।

इसके बाद आने वालों को केन्द्र में प्रवेश व परीक्षा में भाग लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी। परीक्षा प्रारंभ होने के बाद किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा भवन में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा।

डीएम ने कहा कि परीक्षा समाप्ति के 5 मिनट पूर्व केंद्राधीक्षक के आदेशानुसार एक वार्निंग बेल लगाई जाएगी। इस समय वह घोषणा करेंगे की परीक्षा के 5 मिनट शेष रह गए हैं।

अभ्यर्थी अपने उत्तर पत्र में की गई प्रविष्टियां तथा अनुक्रमांक, प्रश्न पुस्तिका श्रृंखला, हस्ताक्षर, नाम, परीक्षा केंद्र विषय का नाम आदि की जांच कर लेंगे।

सभी कर्मी निर्धारित समय पर पहुंचे

जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को परीक्षा के सफल आयोजन हेतु अपने प्रतिनियुक्ति के स्थल पर तय समय से पूर्व अचूक रूप से उपस्थित होने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा की किसी अधिकारी अथवा कर्मी की लापरवाही से परीक्षा के संचालन में कठिनाई आने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। परीक्षा के दिन डीएम तथा एसपी भ्रमणशील होकर परीक्षा केंद्रों का जायजा लेंगे।

कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के रहेंगे इंतजाम

डीएम ने कहा कि परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं कदाचार मुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन दृढ़ संकल्पित है। कदाचार मुक्त परीक्षा के संचालन के लिए जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारी पूरी कर ली गई है।

जिले के तेजतर्रार अधिकारियों को दंडाधिकारी सह प्रेक्षक, जोनल दंडाधिकारी, उड़नदस्ता एवं वरीय दंडाधिकारी के रूप में प्रतिनियुक्त किया गया है। सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे एवं वीडियोग्राफी के द्वारा निगाह रखी जाएगी।

परीक्षा केंद्र के आसपास 500 गज की परिधि में धारा 144 के तहत निषेधाज्ञा लागू रहेगी। इसके साथ ही परीक्षा केंद्र के आसपास फोटो स्टेट की दुकान आदि अनिवार्य रूप से बंद रहेंगे।

बैठक में उपस्थित अधिकारी

इस बैठक में पुलिस अधीक्षक योगेन्द्र कुमार, नगर आयुक्त अनिल चौधरी, एडीएम मुकेश रंजन झा, एसडीसी सुजीत वर्णवाल, जिला कृषि पदाधिकारी ललन कुमार चौधरी एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी सहित सभी संबंधित दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।

Read more

Local News