Thursday, July 9, 2026

 बिहार में बस यात्रा होगी कैशलेस- अगस्त से ऑनलाइन बुक होंगे टिकट

Share

अगले महीने से बिहार में बस यात्रा आसान हो जाएगी। राज्य की सरकारी और पीपीपी मोड की बसें ऑनलाइन टिकट बुकिंग की सुविधा प्रदान करेंगी जिससे यात्री घर बैठे कैशलेस टिकट ले सकेंगे। बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (बीएसआरटीसी) और केनरा बैंक के बीच एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किया जाएगा। यह व्यवस्था बेंगलुरु मेट्रोपॉलिटन ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन के मॉडल पर आधारित है।

पटना। अगले माह से बस की यात्रा करना और भी आसान होगा। बेंगलुरु की तर्ज पर अगस्त महीने से राज्य में संचालित सभी सरकारी और पीपीपी मोड की सभी बसों के टिकट ऑनलाइन बुक करने की सुविधा मिलने लगेगी। इससे यात्री घर बैठे कैशलेस टिकट ले सकेंगे।

इसको लेकर शनिवार को बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (बीएसआरटीसी) और केनरा बैंक के बीच शनिवार को एमओयू होगा। इस कार्यक्रम में परिवहन मंत्री शीला मंडल, अपर मुख्य सचिव मिहिर कुमार सिंह और बीएसआरटीसी प्रशासक अतुल कुमार वर्मा मौजूद रहेंगे।

परिवहन विभाग के अनुसार, यह व्यवस्था बेंगलुरु मेट्रोपालिटन ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (बीएमटीसी) की तर्ज पर राज्य में शुरू की जा रही है। इस सुविधा से यात्री देश के किसी भी शहर से टिकट बुक कर सकेंगे और डिजिटल माध्यम से भुगतान कर सकेंगे।

इस पहल के तहत केनरा बैंक की ओर से सभी बसों को स्वचालित किराया संग्रहण के लिए मशीन का वितरण किया जाएगा।

इसके साथ ही एक नया सॉफ्टवेयर भी लॉन्च किया जाएगा, जिससे यात्रियों को ऑनलाइन टिकट बुकिंग और डिजिटल भुगतान की सुविधा मिलेगी। यह व्यवस्था राज्य में संचालित सभी बसों में लागू होगी, जिससे यात्री बगैर परेशानी के यात्रा कर सकेंगे।

Read more

Local News