भागलपुर के नाथनगर में अवैध हथियार निर्माण की एक और मिनी फैक्ट्री का खुलासा हुआ है. गुप्त सूचना पर की गई छापेमारी में भारी मात्रा में हथियार और उपकरण बरामद हुए हैं. पुलिस ने मौके से चार लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें मास्टरमाइंड मुंगेर का रहने वाला बताया जा रहा है.
बिहार के भागलपुर में अवैध हथियार निर्माण का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. नाथनगर थाना क्षेत्र के रत्तीपुर बैरिया इलाके में पुलिस ने एक और मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है. यह जिले में पिछले 10 महीनों में पकड़ी गई पांचवीं अवैध फैक्ट्री है, जिससे पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है.
गुप्त सूचना पर पुलिस ने मारा छापा, चार गिरफ्तार
एसएसपी हृदयकांत के निर्देश पर भागलपुर पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने सिटी एसपी शुभांक मिश्रा और डीएसपी के नेतृत्व में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया. गुप्त सूचना के आधार पर रत्तीपुर बैरिया इलाके में छापेमारी की गई, जहां दिलदारपुर दियारा से भारी मात्रा में निर्मित और अर्धनिर्मित हथियार, हथियार बनाने के उपकरण और एक खोखा बरामद किया गया.
मुंगेर से सीखी हथियार बनाने की तकनीक
गिरफ्तार किए गए चार लोगों में मुख्य मास्टरमाइंड मु. इम्तियाज शामिल है, जो मुंगेर के मिर्जापुर बरदह का निवासी है. इम्तियाज ने मुंगेर में हथियार निर्माण की ट्रेनिंग ली और फिर भागलपुर आकर चार से पांच स्थानीय युवकों को प्रशिक्षित कर मिनी फैक्ट्री खड़ी कर दी. गिरफ्तार अन्य आरोपी मुकेश महतो (दिलदारपुर), बैजनाथ मंडल और प्रमोद मंडल (मोहनपुर, ललमटिया) बताए जा रहे हैं.


