Friday, July 10, 2026

पुलिस हिरासत से शराब तस्कर फरार, तीन बार जा चुका है जेल; मचा हड़कंप

Share

बक्सर में नगर पुलिस ने कोइरपुरवा से शराब तस्कर कुर्बान अंसारी को गिरफ्तार किया था। हवालात में बंद कुर्बान शौच के बहाने पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। एसडीपीओ धीरज कुमार ने घटना की पुष्टि की और बताया कि फरार कैदी को पकड़ने के लिए छापामारी चल रही है। कुर्बान पहले भी शराब तस्करी में जेल जा चुका है और दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की जाएगी।

बक्सर। नगर पुलिस की कार्रवाई में शुक्रवार की शाम कोइरपुरवा से तीन बोतल बीयर के साथ एक शराब तस्कर को गिरफ्तार किया गया था, जिसकी पहचान कोइरपुरवा निवासी कुर्बान अंसारी के रूप में की गई है।

पूरी रात तस्कर को हाजत में बंद करने के बाद शनिवार की सुबह जेल भेजने की तैयारी चल रही थी कि तभी शौच के बहाने निकलने के बाद वह फरार हो गया।

कैदी के फरार होने की पुष्टि करते सदर एसडीपीओ धीरज कुमार ने बताया कि सुबह आठ बजे के करीब ओडी पदाधिकारी के ड्यूटी संभालते ही हाजत में बंद कुर्बान अंसारी शौच जाने के लिए शोर मचाने लगा और बाहर निकलते ही पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया।

बताते चलें कि इस घटना के ठीक एक माह पूर्व भी इसी तरह एक कैदी शौच के बहाने निकलने के बाद फरार हो गया था। हालांकि, पुलिस उसे दोबारा गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।

एसडीपीओ ने बताया कि फरार कैदी को पकड़ने के लिए पुलिस की सघन छापामारी चल रही है। फरार कैदी शराब तस्करी में इसके पूर्व भी तीन से चार बार जेल जा चुका है।

इस मामले में आरोपित के विरुद्ध प्राथमिकी कर ली गई है। जल्द ही दोषी पुलिस कर्मियों को चिह्नित कर उनके विरुद्ध कार्रवाई भी की जाएगी।

Read more

Local News