सिवान: बिहार के सिवान में शुक्रवार को दिनदहाड़े हुई गोलीबारी से हड़कंप मच गया. घटना मलमलिया थाना क्षेत्र के कौड़िया पुल के पास की है, जहां अज्ञात हथियारबंद अपराधियों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं. इस गोलीबारी में 6 लोग घायल हो गए जिनमें से 3 की मौत हो गई है, जबकि अन्य 3 की हालत गंभीर बताई जा रही है.
सिवान में तीन की हत्या: घटना की सूचना मिलते ही मलमलिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची. भगवानपुर थाना प्रभारी सुजीत कुमार ने कहा कि आपसी वर्चस्व को लेकर के दो पक्ष में गोलीबारी हुई है जिसमें तीन लोग लोगों की मौत हुई है. मामले की जांच की जा रही है. मृतक की पहचान मुन्ना सिंह, कन्हैया कुमार और रोहित कुमार के रूप में की गई है.
चिमनी मालिक से विवाद: बताया जाता है कि बाबा चिमनी मालिक का विवाद चल रहा था. इसी विवाद को लेकर आज कुछ लोग कौड़िया पुल के पास खड़े थे. तभी अचानक बाइक सवार अज्ञात अपराधी हथियारों से लैस होकर आए और अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी.
अंधाधुंध फायरिंग से भगदड़: गोलीबारी के दौरान भगदड़ मच गई और इलाके में अफरा-तफरी फैल गई. हमले में 6 लोगों को गोली लगी, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से इलाज के लिए अलग-अलग अस्पतालों में भेजा गया. सिवान सदर अस्पताल में डॉक्टरों ने 3 लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि बाकी 3 घायलों की स्थिति नाजुक बनी हुई है.
लोगों का गुस्सा फूटा: घटना के बाद से इलाके में भारी तनाव का माहौल है. गुस्साए लोगों ने सड़क जाम कर दिया है और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं. आक्रोशित लोगों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की.
पुलिस जांच में जुटी: घटना की सूचना मिलते ही मलमलिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है. आक्रोशित लोगों ने सड़क जामकर कर आगजनी की. प्रशासन के लिए स्थिति को नियंत्रित करना चुनौती बन गया है.
“आपसी वर्चस्व को लेकर दो जाति में गोलीबारी हुई है. गोलीबारी में राजपूत और भूमिहार शामिल हैं. फायरिंग में तीन लोगों की मौत हो गई. पुलिस मामले की तफ्तीश में जुट गई है.” – सुजीत कुमार, थाना प्रभारी, भगवानपुर


