Thursday, March 26, 2026

नीले ड्रम में लाश मिलने की एक घटना से सनसनी फैल गई थी. पुलिस ने मामले को सुलझा लिया है.

Share

लुधियाना: पंजाब की लुधियाना पुलिस ने जिले के ग्यासपुरा चौक के पास नीले ड्रम में मिले शव के मामले को 36 घंटे के अंदर सुलझा लिया है. इस मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है.

आरोपियों में एक महिला और 2 नाबालिग भी शामिल हैं. पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि मृतक की पहचान मनोज चौधरी के रूप में हुई है. मामला डिवीजन नंबर 6 के तहत दर्ज किया गया था.

इस पूरे मामले की जानकारी देते हुए एडीसीपी करणवीर सिंह ने बताया कि, मृतक और आरोपी एक साथ पार्टी कर रहे थे. उन्होंने शराब भी पी थी. जिसके बाद उनमें किसी बात को लेकर बहस हो गई. इसके बाद मनोज चौधरी की हत्या कर दी गई और शव को रस्सियों से बांधकर टुकड़ों में काट दिया गया.

हत्यारों ने फिर शव को नीले ड्रम में डालकर खाली कूड़ा निपटान प्लॉट में फेंक दिया. उन्होंने बताया कि सेफ सिटी के तहत लगे कैमरों की जांच करने पर पुलिस को आरोपियों की फुटेज मिली, जिसके आधार पर 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है.

ई-रिक्शा का इस्तेमाल
डीसीपी करणवीर सिंह ने बताया कि आरोपियों ने शव को ठिकाने लगाने के लिए ई-रिक्शा का भी इस्तेमाल किया था. हालांकि रिक्शा चालक को यह नहीं पता था कि ड्रम में शव है. आरोपियों ने उसे कुछ अनावश्यक सामान होने का झांसा देकर पैसे दिए और उसे डंप पर ले गए. पुलिस के मुताबिक हत्या की असली वजह का पता नहीं चल पाया है, लेकिन मामले की गहराई से जांच की जा रही है. उन्होंने बताया कि हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाने में मुख्य आरोपी की मां शामिल है.

एक दूसरा मामला
पंजाब में बढ़ता अपराध : जेल में बंद गैंगस्टर की मां समेत दो लोगों की गोली मारकर हत्या
पंजाब में पिछले कुछ समय से अपराध के मामलों में वृद्धि देखी जा रही है. नीले ड्रम में लाश के बाद अब पंजाब के बटाला में मोटरसाइकिल पर सवार अज्ञात लोगों ने जेल में बंद गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया की मां और उनके साथ मौजूद एक अन्य व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी.

बटाला के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने फोन पर बताया कि बृहस्पतिवार रात करीब साढ़े नौ बजे हुई इस घटना के बाद गंभीर रूप से घायल हरजीत कौर को अमृतसर के एक अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उनकी मौत हो गई. सिविल लाइंस क्षेत्र में कादियां रोड पर हुई यह घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई. घटना के सीसीटीवी फुटेज में बाइक पर पीछे बैठा एक हमलावर कार के अंदर बैठे पीड़ितों पर अंधाधुंध गोलियां चलाता दिख रहा है.

बटाला के पुलिस उपाधीक्षक परमवीर सिंह ने कहा, ” बाइक पर सवार अज्ञात बदमाशों ने उन पर कार में बैठे समय गोलियां चलाईं. हरजीत को अमृतसर के एक अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उनकी मौत हो गई, जबकि करणवीर को बटाला सिविल अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया.”

अधिकारियों ने बताया कि दोनों के चेहरों, छाती और पेट पर गोलियां लगीं। उन्होंने कहा कि वे बृहस्पतिवार रात तरनतारन से लौट रहे थे, तभी यह घटना हुई. भगवानपुर की रहने वालीं हरजीत कौर पिछले 2-3 साल से बटाला में किराए के मकान में रह रही थीं। डीएसपी ने बताया कि करणवीर के पिता के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. सोशल मीडिया पर कुछ पोस्ट में हमले की जिम्मेदारी ली गई है। इन पोस्ट में संकेत दिया गया है कि करणवीर ही निशाना था.

Read more

Local News