बॉलीवुड के ‘मिस्टर परफेक्शनिस्ट’ आमिर खान इन दिनों अपनी नई फिल्म सितारे जमीन पर को लेकर सुर्खियों में छाए हुए हैं. यह फिल्म 20 जून को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी. आमिर खान तीन सालों के बाद इस फिल्म से सिल्वर स्क्रीन पर वापसी की है. फिल्म को रिलीज हुए 5 दिन हो चुके हैं इन 5 दिनों में फिल्म ने 60 करोड़ रुपये से ज्यादा कमाई कर ली है. फिल्म की सफलता के बीच आमिर खान देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मिलने पहुंचे.
बॉलीवुड स्टार आमिर खान ने मंगलवार को राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की. राष्ट्रपति के ऑफिशियल एक्स (पूर्व में ट्विटर) हैंडल पर राष्ट्रपति मुर्मू के साथ ‘लगान’ एक्टर आमिर खान की एक तस्वीर साझा की गई. तस्वीर के साथ पोस्ट में लिखा है, ‘ मशहूर फिल्म मेकर और एक्टर आमिर खान ने राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की.’
आमिर की फिल्म ‘सितारे जमीन पर’ 20 जून को सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है. आरएस प्रसन्ना की निर्देशित फिल्म ‘तारे जमीन पर’ का सीक्वल है, जिसमें बौद्धिक रूप से अक्षम लोगों को बास्केटबॉल प्रतियोगिता में खुद को साबित करने के लिए सामने आने वाली चुनौतियों को दिखाया गया है.
फिल्म में आमिर खान एक बास्केटबॉल कोच की भूमिका निभा रहे हैं, जिसे कोर्ट ने बौद्धिक रूप से अक्षम लोगों की बास्केटबॉल टीम को ट्रेनिंग देने की सजा सुनाई है. कोर्ट ने उन्हें यह सजा शराब पीकर गाड़ी चलाने के मामले में सुनाती है.
- https://www.youtube.com/embed/YH6k5weqwy8?si=0aNg83umfi01gGCX
फिल्म में आमिर खान के साथ जेनेलिया देशमुख भी है. इस फिल्म में आमिर 10 नए चेहरे लेकर आए हैं, जिनके नाम हैं- अरौश दत्ता, गोपी कृष्ण वर्मा, संवित देसाई, वेदांत शर्मा, आयुष भंसाली, आशीष पेंडसे, ऋषि शाहनी, ऋषभ जैन, नमन मिश्रा और सिमरन मंगेशकर.
‘सितारे जमीन पर’ का निर्देशन आरएस प्रसन्ना ने किया है, जिन्होंने इससे पहले ‘शुभ मंगल सावधान’ का निर्देशन किया था. वहीं, फिल्म का निर्माण आमिर खान ने किया है. यह 2018 की स्पैनिश स्पोर्ट्स-ड्रामा ‘चैंपियंस’ की रीमेक है.


