पटना मेट्रो का मलाही पकड़ी से न्यू आईएसबीटी तक का प्रायोरिटी कॉरिडोर इस साल 15 अगस्त तक शुरू करने का लक्ष्य है। नगर विकास एवं आवास मंत्री जिवेश कुमार ने निर्माण कार्य की समीक्षा की और गुणवत्ता के साथ काम में तेजी लाने का निर्देश दिया। 2026 तक एलिवेटेड और अंडरग्राउंड दोनों मेट्रो रूट शुरू करने की योजना है।
पटना। इस साल 15 अगस्त से मलाही पकड़ी से न्यू आईएसबीटी तक पटना मेट्रो का प्रायोरिटी कॉरिडोर तो शुरू करने का लक्ष्य है ही, अगले साल 2026 तक एलिवेटेड के साथ अंडरग्राउंड मेट्रो रूट को भी शुरू करने की योजना है। नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री जिवेश कुमार ने इसको लेकर सोमवार को अपने कार्यालय कक्ष में पटना मेट्रो के निर्माण कार्य की बिंदुवार समीक्षा की।
उन्होंने दिल्ली मेट्रो रेल कारपोरेशन (DMRC) के अधिकारियों के साथ निर्माण से जुड़ी अन्य एजेंसियों के प्रतिनिधियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि वे गुणवत्तापूर्ण कार्य करें और काम में तेजी लाएं। समीक्षा बैठक के दौरान मंत्री ने इस बात पर संतोष जताया कि प्रायोरिटी कॉरिडोर में ट्रैक का काम लगभग पूरा हो गया है।
उन्होंने अधिकारियों को बचे हुए सिविल कार्यों में और तेजी लाने का निर्देश दिया। करीब छह किलोमीटर लंबे प्रायोरिटी कॉरिडोर के पांच एलिवेटेड स्टेशनों के निर्माण की प्रगति भी देखी गई। मेट्रो स्टेशनों के फिनिशिंग का काम जल्द पूरा करने को कहा गया।
मंत्री ने डिपो से लेकर आईएसबीटी और मलाही पकड़ी तक प्रत्येक स्टेशन पर हुए हर कार्य के एक-एक बिंदु पर अधिकारियों से पूरी जानकारी ली।
मंत्री ने कहा कि मेट्रो के कार्यों के कारण प्रदूषण, धूल और ट्रैफिक जाम जैसी समस्याएं भी आ रही हैं, इसलिए निर्माण कंपनी के अधिकारी पटना के लोगों की इन समस्याओं को भी दूर करने का हरसंभव कार्य करें।बैठक में पटना एवं दिल्ली मेट्रो के वरिष्ठ अधिकारियों के अलावा नगर विकास एवं आवास विभाग की संयुक्त सचिव- सह पटना मेट्रो की अपर प्रबंध निदेशक अभिलाषा शर्मा भी मौजूद रहीं।
राजेन्द्रनगर से पीएमसीएच तक मेट्रो सुरंग का काम पूरा:
पटना मेट्रो के अंडरग्राउंड रूट पर भी तेजी से काम चल रहा है। मेट्रो डिपो की ओर से न्यू आईएसबीटी होते हुए मलाही पकड़ी तक मेट्रो का रूट एलिवेटेड है। इसके बाद राजेन्द्रनगर पुल से ठीक पहले मेट्रो अंडरग्राउंड हो गई है, जो पटना विश्वविद्यालय से गांधी मैदान होते हुए पटना जंक्शन तक जाएगी।
इस अंडरग्राउंड रूट में राजेन्द्रनगर के मोइनुलहक स्टेडियम से पटना विश्वविद्यालय और फिर पीएमसीएच तक मेट्रो सुरंग की खोदाई का काम पूरा हो चुका है। वहीं गांधी मैदान से आकाशवाणी के बीच 1450 मीटर का एक अन्य सुरंग भी पूरा हो चुका है।
अब पीएमसीएच से गांधी मैदान तक मेट्रो सुरंग की खोदाई का का काम शुरू होना है। इसके बाद मलाही पकड़ी से मोइनुलहक स्टेडियम तक के भूमिगत रूट को जोड़ा जाएगा।
पटना मेट्रो के एलिवेटेड और अंडरग्राउंड दोनों रूटों के निर्माण कार्य की समीक्षा की गई है। अगले साल 2026 तक दोनों रूटों पर मेट्रो रेल शुरू करने का टास्क निर्माण कंपनी को दिया गया है। इसके लिए काम में तेजी लाने को कहा गया है। छह किमी लंबे प्रायोरिटी कोरिडोर को इसी साल 15 अगस्त तक शुरू करने की योजना है। – जिवेश कुमार, नगर विकास एवं आवास मंत्री


