Monday, March 30, 2026

पलामू पुलिस ने नाबालिग के साथ दुर्व्यवहार करने के मामले में 30 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है.

Share

पलामू: एक युवक के आत्महत्या के बाद आक्रोशित लोगों ने एक नाबालिग लड़की को हाथ पकड़ कर रोड पर घुमाया और उसके साथ अभद्र व्यवहार किया गया था. पुलिस ने पूरे मामले में संज्ञान लेते हुए पांच नामजद समेत 30 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है.

दरअसल, मंगलवार को मेदिनीनगर टाउन थाना क्षेत्र के हमीदगंज के इलाके में जितेश नामक युवक का शव बरामद हुआ था. उस दौरान यह बात सामने आई थी कि जितेश ने प्रेम प्रसंग में आत्महत्या कर ली है. घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने नाबालिग लड़की सह प्रेमिका को बंधक बना लिया. बाद में नाबालिग का हाथ पकड़ कर भीड़ में घुमाया और उसके साथ अभद्र व्यवहार किया गया.

पूरा मामला सामने आने के बाद पुलिस ने संज्ञान में लिया है. तत्कालीन टीओपी 3 के प्रभारी भूपेंद्र सिंह के फर्द बयान और आवेदन के खिलाफ पांच नामजद समेत 30 आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है. सभी के खिलाफ पॉक्सो समेत गंभीर धाराएं लगाई गई हैं.

तत्कालीन टीओपी तीन प्रभारी भूपेंद्र सिंह ने बयान दिया है कि 10 जून को 11:30 बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि साहित्य समाज चौक के पास कर्बला गली के सामने सड़क पर एक लड़की को युवक जबरन खींचते हुए ले जा रहे हैं. मृतक के घर के पास खपरैल मकान में लड़की को बंधक बना कर रखा गया है. मौके पर पहुंची पुलिस ने लड़की को काफी मशक्कत से छुड़ाया. इस दौरान युवाओं ने अवरोध भी पैदा किया.

मेदिनीनगर टाउन के थाना प्रभारी ज्योतिलाल रजवार ने बताया कि पुलिस ने संज्ञान लेते हुए एफआईआर दर्ज की है. पूरे मामले में आगे का अनुसंधान किया जा रहा है.

Read more

Local News