कैमूर जिले में भीषण गर्मी पड़ रही है जहां तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। उमस के कारण लोगों को परेशानी हो रही है और बाजारों में दिन में कम लोग दिखाई दे रहे हैं। गर्मी के कारण व्यवसाय भी प्रभावित हो रहा है और बिजली कटौती ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।
भभुआ। जिले में मंगलवार को तापमान 45 डिग्री तक पहुंच गया। इससे जिले में भीषण गर्मी का असर साफ देखने को मिला।
बीते एक सप्ताह से जिले में उमस भरी गर्मी पड़ रही है। सुबह से ही धूप तेज हो रही है और जैसे-जैसे दिन चढ़ता जा रहा है उमस व गर्मी बढ़ती जा रही है।
सुबह से ही तेज धूप होने के चलते लगभग दस बजे तक बाजार में लोग रह रहे हैं। इसके बाद बाजार में लोगों की संख्या बहुत कम देखने को मिल रही है
बिना जरूरी कार्य से कोई घर से बाहर नहीं निकल रहा है। जो लोग घर से बाहर निकल भी रहे हैं वे सिर पर गमछा लेकर निकल रहे हैं। लेकिन कार्य जल्दी संपन्न कर पुन: वापस चले जा रहे हैं।
गर्मी के चलते बाजार में दुकानदार भी कहीं छांव या दुकानों पर जाकर समय बिता रहे हैं। शाम लगभग पांच बजे के बाद ग्राहक पहुंच रहे हैं। भीषण गर्मी और उमस के चलते सभी तरह का व्यवसाय भी प्रभावित है।
सुबह और शाम में ही व्यवसाय हो रहा है। लोगों ने बताया कि बीते लगभग एक सप्ताह से उमस अधिक है। इसके चलते लोगों को कहीं चैन नहीं है।
कूलर-पंखा चलने के बाद भी गर्मी से राहत नहीं मिल रही है। बिजली की कटौती भी खूब हो रही है। 24 घंटा में लगभग एक दर्जन से अधिक बार सोमवार को बिजली कटी। इसके चलते लोग बेहाल हो गए। बिजली कटने के बाद जिनके घर में इंवर्टर नहीं है वे लोग परेशान हो जा रहे हैं।


