पलामू जिले में मंईयां सम्मान योजना के लाभार्थियों को अप्रैल और मई महीने की राशि एक साथ मिलेगी। राज्य सरकार ने पलामू जिले के लिए 5 अरब 59 करोड़ 50 लाख रुपये आवंटित किए हैं। सरकार के आदेश मिलते ही लाभार्थियों के आधार सीडिंग किए गए बैंक खातों में राशि भेज दी जाएगी। यह योजना झारखंड सरकार द्वारा चलाई जा रही है।
पलामू जिला समेत पूरे राज्य के मंईयां सम्मान योजना के लाभुकों को एकमुश्त दो माह की राशि मिलेगी। जो अप्रैल व मई माह की होगी।
राज्य सरकार ने पलामू जिले के लाभुकों के लिए पांच अरब 59 करोड़ 50 लाख रुपये आवंटित कर दिया है। अब सरकार के भुगतान के आदेश का इंतजार है।
आदेश मिलते ही लाभुकों के आधार सीडिंग बैंक खाता में राशि भेज दी जाएगी। बताते चलें कि बीते मार्च माह में पलामू जिले के 3,53, 836 लाभुकों के बैंक खाता में योजना की राशि भेजी गई थी।
इसमें 2,58,301 लाभुक के बैंक खाता आधार से लिंक थे। जबकि 95,535 लाभुकों के बैंक खाता आधार से लिंक नहीं थे।
सरकार के नए निर्देश के अनुसार, मंईयां सम्मान योजना की राशि के लिए आधार सीडिंग और ई-केवाईसी करवाना अनिवार्य हो गया है। अब आधार लिंक बैंक खातों में ही मंईयां सम्मान योजना की राशि जाएगी।
सर्वाधिक गिरीडीह जिला को राशि का हुआ आवंटन
राज्य सरकार ने सूबे के मंईयां सम्मान योजना के लाभुकों के लिए 96 अरब नौ करोड़ रुपया का आवंटन जिलावार किया है।इसमें सर्वाधिक गिरीडीह जिला को 09 अरब सात करोड़ पांच लाख रुपया आवंटित किया गया है।
जबकि सबसे कम खूंटी जिला को एक अरब 65 करोड़ रुपया आवंटित किया गया है। रांची जिला को 8 अरब 23 करोड़ 50 लाख, गुमला जिला को दो अरब 20 करोड़ 50 लाख, सिमडेगा जिला को एक अरब 74 करोड़ आवंटित हुए हैं।
लोहरदगा जिला को एक अरब 77 करोड़, लातेहार जिला को दो अरब 46 करोड़, पूर्वी सिंहभूम जिला को पांच अरब 47 करोड़ 50 लाख, पश्चिमी सिंहभूम जिला को तीन अरब 75 करोड़, सरायकेला खरसांवा जिला को दो अरब 89 करोड़ 50 लाख आवंटित हुए हैं।
दुमका जिला को तीन अरब सात करोड़ 50 लाख, जामताड़ा जिला को दो अरब 80 करोड़ 50 लाख, साहेबगंज जिला को तीन अरब 52 करोड़ 50 लाख, पाकुड़ जिला को तीन अरब16 करोड़ 50 लाख, गोड्डा जिला को तीन अरब 99 करोड़ आवंटित हुए हैं।
गढ़वा जिला को चार अरब 21 करोड़ 50 लाख, देवघर जिला को तीन अरब 81 करोड़, हजारीबाग जिला को पांच अरब सात करोड़, कोडरमा जिला को दो अरब 46 करोड़, चतरा जिला को तीन अरब 60 करोड़, धनबाद जिला को 6 अरब 70 करोड़ 50 लाख, बोकारो जिला को 6 अरब 39 करोड़ व रामगढ़ जिला को दो अरब 43 करोड़ आवंटित किया गया है।
मंईयां सम्मान योजना के तहत पलामू जिला को राशि आवंटित हो गई है। सरकार का आदेश मिलते ही लाभुकों के खाते में राशि भेज दी जाएगी।-विक्रम आनंद, सहायक निदेशक, जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग, पलामू