अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार युवक पुल से नीचे गंगा नदी में गिरा। घटना हाजीपुर-पटना मुख्य मार्ग महात्मा गांधी सेतु पुल की है। सूचना मिलते ही सशस्त्र सीमा बल घटनास्थल पर पहुंची। एसएसबी के जवानों ने युवक को घायल अवस्था में गंगा नदी से बाहर निकाला। घायल युवक का एनएमसीएच में चल रहा इलाज।
Accident News : एक बाइक सवार तेज रफ़्तार से महात्मा गांधी सेतु पुल पार कर रहा था। सभी गाड़ियां अपनी-अपनी रफ़्तार में आगे बढ़ रहीं थीं। तभी अचानक एक अज्ञात वाहन ने बाइक में जोरदार ठोकर मार दी, जिससे युवक घायल होकर पुल से नीचे गंगा नदी में गिर गया।
सशस्त्र सीमा बल देश के सीमा पर तैनात हो कर देश का सेवा करने के लिए 24 घंटे तैनात रहते हैं। लेकिन देश में कोई विपत्ति आती है तो उस समय भी देश के जवान आगे आकर लोगों को मदद करते हैं। कुछ ऐसा ही मामला पटना में भी देखने को मिला, जहां सशस्त्र सीमा बल के जवानों ने एक साहसिक बचाव अभियान चलाकर एक युवक की जान बचाई।
अज्ञात वाहन की ठोकर से युवक गंगा नदी में गिरा
मामला हाजीपुर-पटना मुख्य मार्ग महात्मा गांधी सेतु पुल का है, जहां जहानाबाद के पारस बिगहा के रहने वाले अक्षय कुमार (26) अपनी मोटरसाइकिल से पटना और हाजीपुर को जोड़ने वाले गांधी सेतु को पार कर रहे थे। तभी अचानक से अज्ञात वाहन ने बाइक में जोरदार ठोकर मार दी, जिससे युवक घायल होकर पुल से नीचे गंगा नदी में गिर गया। किसी ने घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलते ही तुरंत पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। घटना की सूचना मिलते ही सशस्त्र सीमा बल फ्रंटियर मुख्यालय पटना के भद्रघाट गंगा नदी पर तैनात राहत एवं बचाव दल ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बचाव कार्य शुरू कर दिया। जवानों ने बहादुरी दिखाते हुए बिना किसी देरी के गंगा नदी में छलांग लगा दिया और युवक अक्षय कुमार को नदी से सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
युवक की हालत गंभीर
गंगा नदी से बाहर निकालने के बाद अक्षय कुमार का प्राथमिक उपचार कराया और फिर उसके बेहतर इलाज के लिए उसे एनएमसीएच में भर्ती कराया। हालांकि पुलिस का कहना है कि अक्षय कुमार की हालत स्थिर गंभीर है। घटना की जानकारी उसके परिवार वालों को भी दे दी गई है। सशस्त्र सीमा बल पटना के फ्रंटियर मुख्यालय के महानिरीक्षक नैयर हसनैन खान ने राहत एवं बचाव दल के जवानों की बहादुरी एवं त्वरित कार्रवाई की प्रशंसा की है। उन्होंने कहा कि सशस्त्र सीमा बल नागरिकों की सुरक्षा एवं आपातकालीन स्थितियों में त्वरित सहायता के लिए सदैव प्रतिबद्ध है।



