Thursday, April 16, 2026

सोलर पैनल लगाकर बिजली बिल किया शून्य, प्रधानमंत्री मोदी ने किया आमंत्रित

Share

जमशेदपुर। परंपरागत बिजली उत्पादन कर कार्बन उत्सर्जन को कम करना और बिजली के मामले में हर घर को आत्मनिर्भर बनाना प्रधानमंत्री का सपना है, जिसे जमशेदपुर के सुशांता कुमार भट्टाचार्य और सरायकेला-खरसावां जिला निवासी मनोज कुमार शर्मा ने साकार किया है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस पहल की सराहना की

पीएम सूर्य घर योजना के तहत इन्होंने अपने घर की छत पर पांच-पांच किलोवाट का सोलर पैनल स्थापित किया। ऐसा कर दोनों जहां बिजली बिल के झंझट से पूरी तरह मुक्त हो चुके हैं, वहीं उन्होंने बिजली बेचने की शुरुआत भी कर दी है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस पहल के लिए दोनों की न सिर्फ सराहना की है, बल्कि दिल्ली में 26 जनवरी को प्रस्तावित गणतंत्र दिवस समारोह में शामिल होने का आमंत्रण भी दिया है। पैनल स्थापित करने में दोनों को क्रमश: 3.25-3.25 लाख रुपये की लागत आई, जिसमें उन्हें 78-78 हजार रुपये का अनुदान मिला।

देश के सभी डिस्कॉम (बिजली वितरण कंपनी) से इसकी सूची मांगी थी

बताते चलें कि पीएम सूर्य घर योजना के तहत देश में कितने उपभोक्ताओं ने अपना मीटर नेट जीरो किया है। ऊर्जा मंत्रालय ने देश के सभी डिस्कॉम (बिजली वितरण कंपनी) से इसकी सूची मांगी थी। इसमें टाटा स्टील से सुशांता व टाटा स्टील यूटिलिटीज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर सर्विसेज लिमिटेड (पूर्व में जुस्को) से इनका नाम प्रस्तावित किया गया था।

सोलर पैनल लगाने के बाद बिजली बिल शून्य हो गया

सुशांता टाटा स्टील और उनके छोटे भाई शंकर भट्टाचार्य बैंक से सेवानिवृत्त हैं। दोनों एक ही घर में अपने स्वजन के साथ रहते हैं। सुशांता के अनुसार उन्हें प्रतिमाह औसतन 4000 रुपये का बिजली बिल आता था, जो गर्मी में बढ़कर 6000 तक पहुंच जाता था, लेकिन सोलर पैनल लगाने के बाद बिजली बिल शून्य हो गया है।

मनोज पत्नी के साथ जाएंगे दिल्ली

मनोज के अनुसार उन्होंने अपने 1300 वर्गफीट की छत पर पांच किलोवाट का सोलर पैनल लगाया। अगस्त, 2024 से अब तक इससे 2100 यूनिट सौर ऊर्जा का उत्पादन हुआ, इसमें से 800 यूनिट की खपत हुई। शेष 1300 यूनिट बिजली जुस्को को बेच दी। जुस्को उन्हें निर्धारित दर के अनुरूप भुगतान करेगी। मेरी इस छोटी सी पहल के लिए प्रधानमंत्री ने मुझे आमंत्रित किया है। मैं अपनी पत्नी सोनामनी के साथ दिल्ली जाऊंगा।

Read more

Local News