14 महीने बाद सक्रिय राजनीति में वापसी करने वाले रघुवर दास भाजपा में शामिल होने के अगले ही दिन दिशोम गुरु शिबू सोरेन से उनके आवास पर जाकर मुलाकात की. शिबू सोरेन और उनकी पत्नी रूपी सोरेन से आशीर्वाद लिया.

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने शनिवार (11 जनवरी) को दिशोम गुरु शिबू सोरेन से मुलाकात की. दोबारा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सदस्यता लेने के अगले ही दिन रघुवर दास झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) सुप्रीमो शिबू सोरेन से मिलने पहुंचे. उन्होंने शिबू सोरेन को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं. शिबू सोरेन की पत्नी रूपी सोरेन से आशीर्वाद भी लिया. शिबू सोरेन के आवास में दोनों बड़ी आत्मीयता से मिले. कुर्सी पर बैठकर बातचीत भी की. इस दौरान दोनों बेहद प्रसन्न नजर आए. तस्वीरों में दिख रहा है कि झारखंड के दोनों पूर्व मुख्यमंत्री किसी बात पर मुस्कुरा रहे हैं.
धूप में कुर्सी पर बैठकर बात कर रहे शिबू सोरेन-रघुवर दास
रघुवर दास ने खुद सोशल मीडिया साइट ‘एक्स’ (पहले ट्विटर) पर यह जानकारी दी. उन्होंने हेमंत सोरेन और रूपी सोरेन के साथ अपनी तस्वीरें भी पोस्ट की है. पहली तस्वीर में रघुवर दास शिबू सोरेन का आशीर्वाद लेते दिख रहे हैं. दूसरी तस्वीर में वह गुरुजी के सरकारी आवास में धूप में कुर्सी पर बैठकर बातचीत कर रहे हैं.
शिबू सोरेन की पत्नी रूपी सोरेन को रघुवर ने भेंट किया गुलदस्ता
रघुवर दास ने जो 4 तस्वीरें पोस्ट की हैं, उसमें से 2 गुरुजी के साथ और 2 रूपी सोरेन के साथ है. रूपी सोरेन के साथ पहली तस्वीर में वह गुलदस्ता के साथ दिख रहे हैं. रघुवर दास ने रूपी सोरेन को यह गुलस्ता भेंट किया. एक और तस्वीर में रूपी सोरेन दोनों हाथों से रघुवर दास को आशीर्वाद दे रहीं हैं


