![]()
जयपुर : राजस्थान की धरती पर पहली बार आईफा अवार्ड्स का आयोजन हो रहा है. ऐसे में जयपुर पहुंचे बॉलीवुड स्टार्स ने राजस्थान की जमकर तारीफ की. यहां श्रेया घोषाल और निमरत कौर ने बताया कि उनका जन्म राजस्थान में हुआ है, तो विजय वर्मा ने खुद को मारवाड़ी बताया, वहीं जगदीप अहलावत ने खुद को राजस्थान का पड़ोसी बताया. इस दौरान फिल्म जगत के मेहमानों का स्वागत करने पहुंचे मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी ने राजस्थान को फिल्मों के लिए सबसे बेहतरीन जगह बताया और यहां ज्यादा से ज्यादा फिल्में बनाने के लिए आमंत्रित किया. वहीं, इस दौरान फिल्म अभिनेता शाहिद कपूर और करीना कपूर का एक-दूसरे को गले लगाना चर्चा का विषय बन गया.
आईफा अवार्ड्स 2025 के संबंध में जयपुर के एक प्राइवेट होटल में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई. इस मौके पर राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी और संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल मौजूद रहे. वहीं, बॉलीवुड सेलेब्स की मौजूदगी ने इस इवेंट को खास बना दिया. यहां अभिनेता शाहिद कपूर, अभिषेक बनर्जी, अपारशक्ति खुराना, बॉबी देओल, रवि किशन, विजय वर्मा, निर्देशक करण जौहर, गायिका श्रेया घोषाल, संगीतकार सचिन-जिगर, जयदीप अहलावत, अभिनेत्री कृति सेनन, नोरा फतेही, करिश्मा तन्ना, निम्रत कौर, माधुरी दीक्षित और करीना कपूर जैसे सितारों ने आईफा अवार्ड्स और राजस्थान से जुड़े अपने अनुभव साझा किए. वहीं, आईफा अवार्ड्स 2025 के होस्ट कार्तिक आर्यन भी इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में शामिल हुए. इसके अलावा, आयोजन समिति के सदस्य भी उपस्थित थे
राजस्थान में 61 वेब सीरीज की शूटिंग : इस दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने आईफा टीम और फिल्म जगत की हस्तियों का स्वागत करते हुए कहा कि आईफा अवार्ड्स का आयोजन दूसरी बार भारत में हो रहा है और राजस्थान को इसका हिस्सा बनने का सौभाग्य मिला है. इससे राज्य में नए अवसर पैदा होंगे. पहले ही राजस्थान में 61 वेब सीरीज की शूटिंग हो चुकी है. यहां की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहर पूरे देश और दुनिया में मशहूर है. फिल्म निर्माताओं के लिए राजस्थान सबसे बेहतरीन स्थान है. उन्होंने कहा कि विदेशों से राजस्थान में आकर डेस्टिनेशन वेडिंग का क्रेज बढ़ रहा है. इस आयोजन से राजस्थान में पर्यटन के नए रास्ते खुलेंगे. ऐसे में आईफा अवार्ड्स का आयोजन हमारे पर्यटन और फिल्म इंडस्ट्री को और ऊंचाई पर ले जाएगा, क्योंकि आज राजस्थान के बिना बॉलीवुड की कल्पना भी नहीं की जा सकती. बॉलीवुड के कलाकार राजस्थान के ब्रांड एंबेसडर हैं.

वहीं, उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी ने फिल्म जगत से आए मेहमानों का स्वागत करते हुए कहा कि राजस्थान में वह सब कुछ है, जो फिल्म इंडस्ट्री को चाहिए, इसलिए राजस्थान में आकर ज्यादा से ज्यादा फिल्में बनाएं. हम पानी और जंगल बचाने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठा रहे हैं. हाल ही में जो इन्वेस्टमेंट समिट हुआ, उस दौरान भी एंटरटेनमेंट से जुड़े कई एमओयू साइन किए गए हैं. यही नहीं, इस दौरान उन्होंने राजस्थान में लाए गए ग्रीन बजट का भी जिक्र किया. साथ ही कहा कि एक तरफ आईफा ग्रीन कारपेट के जरिए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दे रहा है, जबकि राजस्थान सरकार पर्यावरण संरक्षण के लिए ग्रीन बजट खर्च करेगी.
नोरा फतेही स्टेज देखकर एक्साइटेड : इससे पहले बॉलीवुड सिंगर श्रेया घोषाल ने खुशी जताते हुए कहा कि वह खुद कोटा से हैं और जयपुर में पली-बढ़ी हैं. आईफा राजस्थान में हो रहा है, यह उनके लिए खुशी की बात है. इस दौरान उन्होंने ‘मन ये साहिब जी’ गाना गाकर दर्शकों का अभिवादन भी किया. वहीं, मशहूर डांसर और एक्ट्रेस नोरा फतेही ने कहा कि वह लास्ट नाइट से ही स्टेज देखकर काफी एक्साइटेड हैं. इस दौरान उनके साथ मंच साझा कर रहे संगीतकार सचिन और जिगर ने जयपुर शहर के लिए ‘गुलाबी ये शहर’ सॉन्ग गाया.

इसके बाद मंच पर पहुंचे जगदीप अहलावत, निम्रत कौर, करिश्मा तन्ना, नुसरत, अपारशक्ति खुराना और विजय वर्मा ने जयपुर और राजस्थान की तारीफ में जमकर कसीदे गढ़े. इस दौरान विजय ने खुद को मारवाड़ी बताया, तो जगदीप ने खुद को राजस्थान का पड़ोसी बताया, जबकि निम्रत ने बताया कि उनका जन्म राजस्थान के पिलानी में हुआ है. राजनेता और अभिनेता रवि किशन ने कहा कि उन्हें पहली बार आईफा जैसे बड़े शो में बुलाया गया है. इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को धन्यवाद देते हुए कहा कि अब आईफा जैसे बड़े आयोजन भी भारत में हो रहे हैं.
गले मिले करीना और शाहिद : वहीं, बॉलीवुड के एक्स कपल शाहिद कपूर और करीना कपूर खान को एक साथ देखा गया. उनका एक-दूसरे को गले लगाना भी चर्चा का विषय रहा. इस दौरान शाहिद कपूर ने कहा कि जयपुर और राजस्थान में परफॉर्म करना उनके लिए खुशी की बात है. वहीं, करीना ने कहा कि इस बार वह आईफा में अपने दादा को अपना परफॉर्मेंस ट्रिब्यूट करने वाली हैं. कृति सेनन ने बताया कि वह खुद राजस्थान में शूट कर चुकी हैं. माधुरी दीक्षित ने कहा कि उनकी परफॉर्मेंस में राजस्थान की मिट्टी की खुशबू मिलेगी. इस दौरान बॉबी देओल ने कहा कि वह बचपन से राजस्थान में आ रहे हैं. उनके पिता ने यहां काफी फिल्मों की शूटिंग की है. इस दौरान उन्होंने अपना संबोधन “जपनाम” से शुरू किया. आईफा अवार्ड्स 2025 के दौरान सभी मेहमानों ने राजस्थान की खूबसूरती और इसकी फिल्म-फ्रेंडली नीति की भी जमकर सराहना की.


