Sunday, June 21, 2026

आज से दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत होगी. यहां विधानसभ चुनाव में पहली बार जीत आए विधायकों को ट्रेनिंग दी जाएगी.

Share

new-mla-will-be-given-training-in-legislative-work

रांची: विधानसभा चुनाव में पहली बार चुनाव जीतकर लोकतंत्र के मंदिर में माथा टेकने में सफल रहे विधायक दो दिनों तक विधायी परंपरा का क ख ग घ सीखेंगे. विधानसभा सभागार में 1 मार्च यानी आज से दो दिनों तक उन्हें प्रशिक्षित किया जाएगा.

विधानसभा में दी जाएगी ट्रेनिंग

दो दिवसीय इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन करेंगे. इसके अलावा मुख्य अतिथि के रूप में राज्य सभा के उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह मौजूद रहेंगे. विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्र नाथ महतो की मौजूदगी में उद्घाटन सत्र सुबह 11:30 बजे से होगा, जिसमें विशिष्ट अतिथि के रूप में संसदीय कार्य मंत्री राधा कृष्ण किशोर उपस्थित रहेंगे.

उद्घाटन सत्र के पश्चात दिन के 12 बजे से दोपहर 1:30 तक विभिन्न विषयों पर व्याख्यान होगा. झारखंड विधानसभा के वरिष्ठ सदस्य सीपी सिंह के द्वारा सदन की गरिमा बनाए रखने में विधायकों की भूमिका विषय पर व्याख्यान दी जाएगी. वहीं, संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर लोकतंत्र एवं समावेशी विकास पर अपने विचार व्यक्त करेंगे.

राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश संसदीय विशेषाधिकार पर व्याख्यान देंगे. इस मौके पर मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन नए विधायकों को संबोधित करेंगे. द्वितीय सत्र की शुरुआत दिन के 2.30 बजे होगी, जो दोपहर 3:30 बजे तक चलेगा. इस मौके पर राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश के द्वारा संघवाद एवं राज्य विधायिका की चुनौतियां विषय पर विस्तार से विचार रखा जाएगा.

झामुमो के नए विधायकों की लिस्ट

  • बोरियो – धनंजय सोरेन
  • शिकारीपाड़ा – आलोक सोरेन
  • मनोहरपुर – जगत मांझी
  • तोरपा – सुदीप गुड़िया
  • खूंटी – रामसूर्य मुंडा
  • राजमहल – मो ताजुद्दीन

कांग्रेस के नए विधायकों की लिस्ट

  • पाकुड़ – नीसत आलम
  • बोकारो – श्वेता सिंह
  • कांके – सुरेश बैठा

भाजपा से नए विधायकों की लिस्ट

  • बड़कागांव – रोशनलाल चौधरी
  • सिमरिया – कुमार उज्ज्वल
  • झरिया – रागिनी सिंह
  • बाघमारा – शत्रुघ्न महतो
  • जमशेदपुर पूर्वी – पूर्णिमा दास साहू
  • हजारीबाग – प्रदीप प्रसाद
  • जमुआ – मंजू कुमारी

राजद : विश्रामपुर से नरेश सिंह.

माले : सिंदरी से चंद्रदेव महतो.

आजसू : मांडू से निर्मल महतो.

जेएलकेएम : जयराम महतो.

षष्ठम विधानसभा में पहली बार पहुंचने वाले चेहरे

बीते विधानसभा चुनाव के दौरान राज्य में करीब 20 राजनेता पहली बार विधानसभा पहुंचने में सफल रहे. दलीय आधार पर देखें तो इसमें सबसे ज्यादा भाजपा के प्रत्याशी शामिल हैं. दूसरे नंबर पर झारखंड मुक्ति मोर्चा के प्रत्याशी हैं, जिनकी संख्या 06 है. कांग्रेस के तीन प्रत्याशी पहली बार झारखंड विधानसभा पहुंचे हैं. वहीं, राजद, माले, आजसू और जेकेएलएम से एक-एक प्रत्याशी पहली बार जीते हैं.

Read more

Local News