Saturday, April 4, 2026

लोहरदगा में गांजा की बड़ी खेप पकड़ी गई. गुप्त सूचना के आधार पर एनसीबी और पुलिस ने ट्रक में लदे हुए गांजा को बरामद किया.

Share

लोहरदगा: पुलिस और एनसीबी की टीम को गांजा तस्करी के मामले में बड़ी कामयाबी मिली है. संयुक्त ऑपरेशन में लोहरदगा जिले के कुडू मस्जिद मोड़ से प्लाइवुड लदे ट्रक से 250 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है. एनसीबी की टीम मामले में जांच कर रही है.

ट्रक में प्लाइवुड के बीच में छिपा कर रखा गया था गांजा

गांजा तस्कर बड़ी ही चालाकी से प्लाईवुड लदे हुए एक ट्रक में गांजा को छुपा कर ओडिशा से बिहार ले जा रहे थे. एनसीबी को गुप्त सूचना मिली और कुडू थाना पुलिस के साथ मिलकर एनसीबी ने ट्रक को पकड़ लिया. साथ ही गांजा भी बरामद किया है. मामले की पुष्टि लोहरदगा एसपी हारिस बिन जमां ने की है.

नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की सूचना पर एसपी हारिस बिन जमां के निर्देश पर गठित कुडू थाना प्रभारी मनोज कुमार और एनसीबी की टीम ने लोहरदगा-रांची-लातेहार पथ में कुडू थाना क्षेत्र के मस्जिद मोड़ के समीप एक ट्रक में लोड 13 बोरों में बंद कुल 250 किलोग्राम गांजा बरामद किया है.

बोरे प्लाइवुड के अंदर छिपाए गए थे

इस ट्रक में प्लाइवुड लदा हुआ था. जिसके बीच में कुल 13 बोरी में गांजा छिपा कर रखा गया था. इस मामले में सबसे पहले कुडू मस्जिद मोड़ में ट्रक चालक अर्जुन कुंवर जो औरंगाबाद, बिहार का निवासी है उसको और खलासी भोजपुर निवासी रमेश महतो को हिरासत में लिया गया है. इसके बाद ट्रक के चालक और खलासी से पूछताछ में मिली जानकारी और तकनीकी टीम की सहायता से एनसीबी की टीम ने कार में सवार हो कर भाग रहे तीन आरोपितों को चंदवा रोड से हिरासत में ले लिया है.

गांजा कारोबारी बिहार से हैं

एनसीबी की टीम ने पीछा करते हुए कार से तीन गांजा कारोबारी को हिरासत में लिया है, जो बिहार के बक्सर (सानी कुमार तथा महेश साह) और आरा भोजपुर (उमेश यादव) के रहने वाले हैं.

गांजे की कीमत पांच लाख रुपये

बरामद गांजा की कीमत लगभग पांच लाख रुपये बताई जा रही है. हिरासत में लिए गए लोगों से नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की टीम पूछताछ कर रही है. संबलपुर से मालवाहक ट्रक राउरकेला होते हुए सिमडेगा के बाद गुमला पहुंचा था. ट्रक लोहरदगा होते हुए कुडू होकर बिहार के गया के लिए निकला था. इसकी सूचना एनसीबी को मिली थी.

पांच लोग पुलिस हिरासत में

एनसीबी की सूचना पर कुडू थाना प्रभारी मनोज कुमार के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया था. एनसीबी की टीम ने कुडू-लोहरदगा मुख्य पथ पर वाहन जांच अभियान शुरू कियाा. मालवाहक ट्रक कुडू मस्जिद चौक पहुंचा तो ट्रक को रोकते हुए एनसीबी और कुडू थाना पुलिस की टीम ने जांच शुरू की तो प्लाइवुड के बीच में छिपाकर रखा गया 13 बोरा गांजा बरामद किया गया. मामले में पांच लोगों को हिरासत में लिया गया है. जिनसे पूछताछ की जा रही है.

Read more

Local News