14 फरवरी को वैलेंटाइन डे के मौके पर गुलाब की मांग सबसे ज्यादा होती है. वहीं आकर्षक उपहार भी खूब खरीदे जाते हैं.
जमशेदपुर: 14 फरवरी को वैलेंटाइन डे है, जिसे प्यार के इजहार का दिन कहा जाता है. जमशेदपुर में इस खास दिन के लिए गुलाब के साथ-साथ आकर्षक उपहारों से बाजार सज गया है. 14 फरवरी से पहले 7 दिनों तक वैलेंटाइन वीक मनाया जाता है.
कार्ड, चॉकलेट, टेडी बियर, आकर्षक उपहार खरीदे जाते हैं. लेकिन वैलेंटाइन के इस खास मौसम में गुलाब का अलग ही महत्व है. बाजार में लाल, पीले, गुलाबी, सफेद और बैंगनी रंग के गुलाब बिकते हैं.
पूरे वैलेंटाइन वीक में अकेले गुलाब का कारोबार लाखों का होता है, जिसमें बेंगलुरू का गुलाब सबसे ज्यादा पसंद किया जाता है. बेंगलुरू, कोलकाता, पुणे और रायपुर से गुलाब जमशेदपुर लाए जाते हैं. लेकिन बेंगलुरू से हवाई मार्ग से कोलकाता और फिर जमशेदपुर गुलाब आते हैं. यही वजह है कि इसकी कीमत भी ज्यादा होती है.

जमशेदपुर में वैलेंटाइन डे को लेकर दुकानों में खास तैयारियां की जाती हैं. फूलों की दुकानों में अनगिनत रंग-बिरंगे गुलाब आकर्षण का केंद्र बने रहते हैं. फूलों का कारोबार करने वाले भी इस दिन का बेसब्री से इंतजार करते हैं.
फूल विक्रेता मोहम्मद शमशेर कहते हैं कि गुलाब की बिक्री वैसे तो साल भर होती है, लेकिन इस खास दिन पर सबसे ज्यादा मांग बेंगलुरू के लाल गुलाब की होती है, जो सबसे महंगे होते हैं. जमशेदपुर में इस वैलेंटाइन सीजन में करीब 40 लाख रुपये के गुलाब का कारोबार होता है. गुलाब की ऑनलाइन होम डिलीवरी अच्छा कारोबार है.

गुलाब प्रेमियों का कहना है कि वैलेंटाइन डे पर गुलाब खरीदना जरूरी है. कांटों के बीच खिलने वाला सुगंधित गुलाब जीवन जीने का संदेश देता है. इसे सिर्फ प्रेमी-प्रेमिका ही नहीं बल्कि अपनों के लिए भी खरीदा जाता है, ताकि रिश्तों में मिठास बनी रहे. गुलाब देने से सुखद एहसास होता है.

बाजार में 50 रुपये से लेकर 15 हजार तक के आकर्षक उपहारों की खूब खरीदारी हो रही है. वैलेंटाइन डे पर लोग उपहार देकर अपनेपन का एहसास करते हैं. दुकानदारों का कहना है कि जमशेदपुर में लाखों का गिफ्ट कारोबार होता है. वहीं, गिफ्ट प्रेमियों का कहना है कि गिफ्ट सिर्फ प्रेमी युगलों के लिए ही नहीं बल्कि उनके परिवार और रिश्तेदारों के लिए भी खरीदे जाते हैं, जिससे रिश्ते मजबूत होते हैं


