मधेपुरा में सड़क दुर्घटना में बाइक सवार लैब टेक्नीशियन की मौत हो गई। वह मधेपुरा से अपने गांव बखरी जा रहा था। सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी जान नहीं बच पाई।

मधेपुरा में अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार एक लैब टेक्नीशियन की मौत हो गई। मृतक की पहचान उदाकिशनगंज थाना क्षेत्र के बकरी वार्ड नौ निवासी सुशील कुमार (35) के रूप में हुई। वह मधेपुरा के पीएस कॉलेज के पास लैब चलाते थे। बुधवार की शाम करीब 6 बजे मधेपुरा से अपने गांव उदाकिशुनगंज थाना क्षेत्र के बखरी जा रहे थे। इसी दौरान अरार थाना क्षेत्र में एनएच-106 पर एक अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी
हादसे में वे गंभीर रूप से घायल हो गए, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें ग्वालपाड़ा पीएचसी पहुंचाया। वहां से प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल मधेपुरा रेफर कर दिया गया, लेकिन हालत नाजुक होने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिजन उसे पूर्णिया ले गए, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
सिर में लगी थी गंभीर चोटहादसे में सुशील कुमार को सिर में गंभीर चोट लगी थी, जिससे काफी खून बह गया। दुर्घटना के बाद राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया। लेकिन लगातार बिगड़ती हालत के कारण डॉक्टरों की कोशिशें नाकाम रहीं और उन्होंने दम तोड़ दिया। गुरुवार की सुबह मधेपुरा थाने की पुलिस ने सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सौंप दिया।
मासूम बेटी हुई अनाथसुशील कुमार अपने परिवार के चार भाइयों में सबसे छोटे थे। उनकी डेढ़ साल की बेटी है, जो अब पिता की छाया से वंचित हो गई। उनके असमय निधन की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मां-पिता और भाइयों का गमगीन माहौल देखकर गांव में भी शोक छा गया। उनकी मौत की खबर से उनके सहयोगी और मरीज भी स्तब्ध हैं। गांव के लोगों ने प्रशासन से हादसे के जिम्मेदार वाहन चालक को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।


