Sunday, November 29, 2026

जमशेदपुर में 18 दिसंबर से साहित्य और कला का संगम, सोनल मानसिंह से ‘पंचायत’ के कलाकार तक होंगे शामिल

Share

तीन दिवसीय लिटरेचर फेस्टिवल में 80 से अधिक हस्तियां लेंगी हिस्सा; ‘विरासत एवं पर्यटन’ होगी इस बार की थीम, 10 विशिष्ट सम्मानों के साथ मिलेगा एक-एक लाख रुपये

जमशेदपुर, 29 नवंबर 2026: लौहनगरी जमशेदपुर में साहित्य, कला, संगीत और संस्कृति से जुड़ा बड़ा आयोजन होने जा रहा है। विद्यादीप फाउंडेशन की ओर से 18 से 20 दिसंबर तक बिष्टुपुर स्थित होटल रमाडा में ‘जमशेदपुर लिटरेचर फेस्टिवल 2.0’ आयोजित किया जाएगा। तीन दिनों तक चलने वाले इस महोत्सव में देशभर से साहित्य, सिनेमा, पत्रकारिता, संगीत, नृत्य, प्रशासन और पर्यटन क्षेत्र की 80 से अधिक जानी-मानी हस्तियां शिरकत करेंगी।

इस वर्ष फेस्टिवल की केंद्रीय थीम ‘विरासत एवं पर्यटन’ रखी गई है। इसके तहत झारखंड के इतिहास, जनजातीय परंपराओं, लोक संस्कृति और पर्यटन की संभावनाओं पर चर्चा होगी।

सोनल मानसिंह और ‘पंचायत’ के कलाकार भी आएंगे

महोत्सव में पद्म विभूषण से सम्मानित प्रख्यात नृत्यांगना डॉ. सोनल मानसिंह के साथ पद्मश्री तिलक गीताई, अनूप रंजन पांडेय, फूलबासन बाई यादव, मधु मंसूरी हंसमुख और मुकुंद नायक शामिल होंगे।

सिनेमा और ओटीटी जगत से वेब सीरीज ‘पंचायत’ में बिनोद की भूमिका निभाने वाले अशोक पाठक और माधव का किरदार निभाने वाले बुल्लू कुमार भी कार्यक्रम में पहुंचेंगे। फिल्म ‘धक धक’ के निर्देशक तरुण डुडेजा और कास्टिंग डायरेक्टर अनमोल आहूजा की मौजूदगी भी प्रस्तावित है।

साहित्य और कला जगत से डॉ. यतीन्द्र मिश्र, उपन्यासकार अक्षत गुप्ता, चित्रकार मनीष पुष्कले, अजिताभ बोस और नीरज जायसवाल अपने विचार साझा करेंगे।

पत्रकारिता, पर्यटन और प्रशासन से जुड़ी हस्तियों की भागीदारी

पत्रकारिता क्षेत्र से अनंत विजय, डॉ. अंजुम शर्मा, संजय कृष्ण, डॉ. विनीत कुमार, प्रभात खबर रांची के संपादक संजय मिश्र और उत्तम नाथ पाठक महोत्सव में शामिल होंगे।

पर्यटन और यात्रा लेखन से जुड़े संजय शेफर्ड, डॉ. कायनात काज़ी, नितेश शर्मा, अनुराग यादव और मधुरंजन सिंह भी कार्यक्रम का हिस्सा होंगे। झारखंड पर्यटन विकास निगम (जेटीडीसी) के प्रबंध निदेशक प्रेम रंजन भी इसमें भाग लेंगे।

इसके अलावा नैनीताल, अल्मोड़ा और बुंदेलखंड लिटरेचर फेस्टिवल के आयोजक एक मंच पर जुटकर अपने अनुभव साझा करेंगे।

सरायकेला राजपरिवार के प्रताप आदित्य सिंहदेव और महारानी अरुणिमा सिंहदेव के साथ आईएफएस नितिन प्रमोद, आईपीएस सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज, आरओसी हिमांशु शेखर, फूड एक्सप्लोरर अनुभव सपरा और डॉ. भूपेश कुमार भी आमंत्रित अतिथियों में शामिल हैं।

साहित्यिक चर्चा के साथ संगीत और नृत्य की प्रस्तुतियां

फेस्टिवल में विचार-विमर्श के अलावा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित होंगे। 18 दिसंबर की शाम गायिका चिन्मयी त्रिपाठी, संगीतकार जोएल मुखर्जी और नृत्यांगना आरोही मुंशी प्रस्तुति देंगी। वहीं, 19 दिसंबर को कवि अभि मुंडे, जिन्हें ‘साइको शायर’ के नाम से जाना जाता है, अपनी प्रस्तुति देंगे।

10 विशिष्ट सम्मान, प्रत्येक के लिए एक लाख रुपये

आयोजन के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देने वाली 10 हस्तियों को विशेष सम्मान प्रदान किए जाएंगे। प्रत्येक सम्मान के साथ एक लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। सम्मानित होने वाली विभूतियों के चयन की जिम्मेदारी शहर के वरिष्ठ पत्रकारों से बने निर्णायक मंडल को सौंपी गई है।

झारखंड की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय मंच देने का प्रयास

फेस्टिवल के क्यूरेटर संदीप मुरारका ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य देश के अलग-अलग हिस्सों से आने वाले मेहमानों को झारखंड के इतिहास, जनजातीय जीवन, लोकगीतों और सांस्कृतिक विविधता से परिचित कराना है।

उन्होंने कहा कि प्रयास है कि अतिथि राज्य की समृद्ध विरासत का अनुभव लेकर लौटें और राष्ट्रीय मंचों पर झारखंड की पहचान को आगे बढ़ाएं। पहले संस्करण को मिली प्रतिक्रिया के बाद इस बार महोत्सव का दायरा और व्यापक किया गया है।

Table of contents [hide]

Read more

Local News