रांची: नगर निगम में लंबित न्यायिक मामलों के शीघ्र निष्पादन के लिए विधि शाखा को दो अलग-अलग टीमों में बांटा जाएगा। नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने समीक्षा बैठक के दौरान इस संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए, ताकि अदालतों में निगम से जुड़ी कानूनी प्रक्रिया में बेवजह देरी न हो।
बैठक में विधि शाखा के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ लंबित मुकदमों, कानूनी प्रक्रियाओं तथा अब तक हुई कार्रवाई की स्थिति पर चर्चा की गई। कार्यों को व्यवस्थित करने और उनकी रफ्तार बढ़ाने के उद्देश्य से दो टीमों के गठन का निर्णय लिया गया।
सुप्रीम कोर्ट-हाईकोर्ट और सिविल कोर्ट के लिए अलग जिम्मेदारी
प्रस्तावित व्यवस्था के तहत पहली टीम सुप्रीम कोर्ट और झारखंड हाईकोर्ट में चल रहे मामलों की निगरानी करेगी। दूसरी टीम सिविल कोर्ट से संबंधित मुकदमों के निष्पादन का काम संभालेगी।
दोनों टीमों में तैनात विधि सहायकों को रोजाना ईमेल, डाक और अन्य माध्यमों से आने वाले न्यायिक पत्रों व सूचनाओं पर नजर रखनी होगी। नगर आयुक्त ने निर्देश दिया कि हर पत्र का रिकॉर्ड तैयार किया जाए और उस पर हुई कार्रवाई की नियमित निगरानी हो। किसी भी न्यायिक सूचना को लंबित नहीं रखने पर विशेष जोर दिया गया।
काउंटर एफिडेविट के मामलों पर विशेष ध्यान
नगर आयुक्त ने काउंटर एफिडेविट से जुड़े लंबित मामलों को प्राथमिकता के साथ पूरा करने को कहा। इसके लिए सभी लंबित न्यायिक प्रकरणों की सूची तैयार कर उनकी तात्कालिकता के अनुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
उन्होंने स्पष्ट किया कि संबंधित मामलों में निर्धारित समयसीमा के भीतर जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी होनी चाहिए, जिससे अदालत में नगर निगम का पक्ष समय पर रखा जा सके।
समीक्षा बैठक में सहायक नगर आयुक्त, विधि सहायक और विधि शाखा के अन्य कर्मचारी उपस्थित थे।
