मानपुर प्रखंड के 193 बीएलओ को दी गई जिम्मेदारी, तीन चरणों में प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न
गया: जिले के मानपुर प्रखंड में मतदाता सूची को दुरुस्त करने की प्रक्रिया तेज की जा रही है। इसके तहत 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं के नाम मतदाता सूची में शामिल किए जाएंगे। वहीं, मृत व्यक्तियों के नाम हटाने और मतदाताओं की तस्वीरों में मौजूद त्रुटियों को सुधारने पर भी जोर दिया गया है।
इस संबंध में शनिवार को मानपुर प्रखंड के ट्राइसम भवन में बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) की बैठक सह प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें अधिकारियों ने मतदाता सूची के पुनरीक्षण से जुड़े कार्यों की जानकारी दी और बीएलओ को जरूरी निर्देश दिए।
तीन चरणों में पूरा हुआ प्रशिक्षण
प्रशिक्षण कार्यक्रम में सहायक निर्वाचन पदाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी वेद प्रकाश, ग्रामीण विकास पदाधिकारी रीमा शर्मा, निर्वाचन प्रभारी रमेश कुमार और सहायक संदीप कुमार मौजूद रहे।
अधिकारियों ने बताया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) के दौरान फॉर्म-7 और फॉर्म-8 से संबंधित चेकलिस्ट के अनुसार कार्रवाई करनी होगी। इसके साथ ही मतदाता सूची में अस्पष्ट या त्रुटिपूर्ण तस्वीरों की पहचान कर उनमें सुधार कराना जरूरी है।
193 बीएलओ को सौंपी गई जिम्मेदारी
मानपुर प्रखंड के कुल 193 बूथ लेवल ऑफिसरों को मतदाता सूची से जुड़े कार्य जल्द पूरा करने का निर्देश दिया गया है। प्रशिक्षण के दौरान उन्हें आवश्यक दस्तावेज भी उपलब्ध कराए गए।
अधिकारियों ने नए पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने, मृत मतदाताओं के नाम हटाने और फोटो संबंधी गलतियों को ठीक करने की प्रक्रिया समझाई। यह प्रशिक्षण तीन चरणों में आयोजित कर पूरा किया गया।
