आरजेडी सांसद मीसा भारती का एक वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है। इसमें वह मोकामा विधायक अनंत सिंह की बोलने की शैली की नकल करती दिखाई दे रही हैं। उनका यह मजाकिया अंदाज देखकर समारोह में मौजूद लोग हंसने लगे।
पटना: आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव की बेटी और सांसद मीसा भारती का एक अलग अंदाज सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में वह मोकामा के विधायक अनंत सिंह की मिमिक्री करती नजर आ रही हैं। आम तौर पर सार्वजनिक कार्यक्रमों में गंभीर अंदाज में दिखने वाली मीसा इस वीडियो में हल्के-फुल्के मूड में दिखाई दीं।
कलाकार से बातचीत के दौरान की मिमिक्री
जानकारी के मुताबिक, मीसा भारती दानापुर में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने पहुंची थीं। वहां सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान उनकी एक कलाकार से बातचीत हुई। इसी दौरान उन्होंने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक प्रसंग का जिक्र करते हुए अनंत सिंह की बोलने की शैली की नकल शुरू कर दी।
वीडियो में मीसा कहती सुनाई देती हैं कि इन दिनों सोशल मीडिया पर कई चीजें वायरल हो रही हैं। इसी क्रम में वह एक नेता के कलाकार को संबोधित करने के अंदाज का जिक्र करती हैं और ‘ए गुंजन…’ कहते हुए हंसने लगती हैं। उनकी बात सुनकर वहां मौजूद लोग भी हंस पड़ते हैं।
अनंत सिंह के राजनीतिक भविष्य पर भी ली चुटकी
मिमिक्री के दौरान मीसा भारती ने अनंत सिंह की पार्टी को लेकर भी मजाकिया टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि वह पहले जेडीयू में थे, लेकिन आगे किस पार्टी में जाएंगे या नहीं जाएंगे, यह कहना मुश्किल है।
इसके बाद उन्होंने आरजेडी का जिक्र करते हुए अनंत सिंह के चर्चित अंदाज में कहा, ‘ए चंदन, कोने दिक्कत नइखे।’ उनकी इस टिप्पणी पर समारोह में मौजूद लोगों ने तालियां बजाकर प्रतिक्रिया दी।
सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा वीडियो
शादी समारोह में मीसा भारती का यह अंदाज वहां मौजूद लोगों के लिए मनोरंजन का विषय बन गया। कार्यक्रम में उनकी मिमिक्री और राजनीतिक टिप्पणी का वीडियो अब सोशल मीडिया पर साझा किया जा रहा है।
वीडियो सामने आने के बाद मीसा भारती के इस हल्के-फुल्के अंदाज की चर्चा हो रही है।
