रांची: झारखंड सरकार ने चिकित्सा शिक्षा सेवा से जुड़े नियुक्ति, प्रोन्नति और सेवा शर्तों के नियमों में बदलाव किया है। संशोधित प्रावधान के अनुसार, मेडिकल कॉलेजों में कार्यरत सीनियर रेजिडेंट अब तीन साल की निर्धारित अवधि में एक वर्ष की सेवा पूरी करने के बाद सहायक प्राध्यापक के पद पर नियुक्त या प्रतिनियुक्त किए जा सकेंगे। इसके अलावा, निदेशक चिकित्सा शिक्षा के पद पर संवर्ग से बाहर के योग्य व्यक्ति की नियुक्ति का विकल्प भी दिया गया है।
राज्य सरकार ने झारखंड चिकित्सा शिक्षा सेवा में नियुक्ति, प्रोन्नति एवं सेवाशर्त नियमावली-2025 में यह संशोधन किया है। पहले एक वर्ष की सेवा पूरी करने वाले सीनियर रेजिडेंट को सदर अस्पतालों में विशेषज्ञ चिकित्सक के रूप में नियुक्त करने का प्रावधान था। अब उन्हें सदर अस्पतालों में विशेषज्ञ चिकित्सक के अलावा मेडिकल कॉलेजों में सहायक प्राध्यापक के तौर पर काम करने का अवसर भी मिल सकेगा।
निर्धारित योग्यता और स्वीकृत पद जरूरी
सीनियर रेजिडेंट की नियुक्ति या प्रतिनियुक्ति मेडिकल कॉलेजों में स्वीकृत पदों के विरुद्ध ही की जाएगी। इसके लिए निर्धारित पात्रता और चयन प्रक्रिया का पालन करना होगा। उम्मीदवारों के पास नेशनल मेडिकल कमीशन (एनएमसी) के तय मानकों के अनुरूप योग्यता होना अनिवार्य रहेगा।
सरकार ने यह बदलाव मेडिकल कॉलेजों में सहायक प्राध्यापकों के खाली पदों को भरने और चिकित्सा शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से किया है।
निदेशक चिकित्सा शिक्षा की नियुक्ति के नियम भी बदले
संशोधित नियमावली में निदेशक, चिकित्सा शिक्षा के पद पर नियुक्ति की प्रक्रिया में भी बदलाव किया गया है। सामान्य तौर पर इस पद के लिए प्राचार्यों, उप निदेशकों या प्राध्यापकों में से वरीयता और योग्यता के आधार पर चयन किया जाएगा।
हालांकि, सरकार को संवर्ग के बाहर के किसी योग्य व्यक्ति को भी इस पद पर नियुक्त करने का अधिकार होगा। इसके लिए संबंधित व्यक्ति को राज्य सरकार और नेशनल मेडिकल कमीशन की निर्धारित योग्यताएं पूरी करनी होंगी।
ऐसी नियुक्ति कार्मिक विभाग की ओर से निर्धारित प्रोन्नति समिति की अनुशंसा के आधार पर राज्य सरकार करेगी।
पहले तीन साल के लिए होगी नियुक्ति
निदेशक चिकित्सा शिक्षा के पद पर नियुक्ति प्रारंभिक तौर पर तीन वर्षों के लिए की जाएगी। संबंधित अधिकारी के कार्य प्रदर्शन की समीक्षा के बाद राज्य सरकार इस अवधि को अगले तीन साल के लिए बढ़ा सकती है।
यह नियुक्ति या प्रतिनियुक्ति भी स्वीकृत पद के विरुद्ध और निर्धारित पात्रता एवं प्रक्रिया के अनुसार ही होगी।
