खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री ने अपना त्यागपत्र पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय को भेजा। राजभवन की आपत्तियों और विधान परिषद की सदस्यता पर संभावित कानूनी संकट के बीच उन्होंने शिक्षण पद छोड़ने का फैसला किया।
पटना: बिहार सरकार के खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री डॉ. अशोक चौधरी ने पटना स्थित एएन कॉलेज में राजनीति विज्ञान के सहायक प्राध्यापक पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना त्यागपत्र पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय को भेज दिया है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस संबंध में आगे की प्रक्रिया शुरू कर दी है, हालांकि अधिकारियों ने फिलहाल मामले पर सार्वजनिक रूप से कुछ कहने से परहेज किया है।
मंत्री पद और विधान परिषद की सदस्यता के साथ विश्वविद्यालय में शिक्षक के पद पर बने रहने को लेकर सवाल उठ रहे थे। इसी विवाद के बीच डॉ. चौधरी ने शिक्षण की जिम्मेदारी छोड़ने का निर्णय लिया है।
17 फरवरी 2026 को कॉलेज में दिया था योगदान
डॉ. अशोक चौधरी ने 17 फरवरी 2026 को पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय के अधीन एएन कॉलेज के राजनीति विज्ञान विभाग में सहायक प्राध्यापक के रूप में योगदान किया था। इसके अगले ही दिन उन्होंने मंत्री और विधान परिषद सदस्य के तौर पर अपनी जिम्मेदारियां निभाने के लिए अवैतनिक अवकाश यानी लियन का आवेदन दिया था।
उनकी नियुक्ति और अवैतनिक अवकाश की पात्रता को लेकर बाद में विवाद खड़ा हो गया। मामले में कानूनी पहलुओं पर सवाल उठने के बाद उन्होंने इस्तीफा देने का विकल्प चुना। बताया गया है कि कानूनी सलाह लेने के बाद यह निर्णय लिया गया।
सिंडिकेट ने मंजूर नहीं किया था लियन का आवेदन
अवकाश और लियन से संबंधित प्रस्ताव पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय के सिंडिकेट के सामने रखा गया था। 19 अगस्त को हुई बैठक में सिंडिकेट ने डॉ. चौधरी के अवैतनिक अवकाश के आवेदन को स्वीकृति नहीं दी। इसके बाद मामला राजभवन तक पहुंच गया।
राजभवन ने 31 अक्टूबर को जारी अपनी टिप्पणी में उनकी नियुक्ति, परिवीक्षा अवधि और लियन के लिए पात्रता को लेकर सवाल उठाए थे। इन आपत्तियों के बाद प्रकरण का कानूनी पहलू और महत्वपूर्ण हो गया।
विधान परिषद की सदस्यता को लेकर भी उठा था सवाल
इस विवाद का प्रमुख मुद्दा यह था कि क्या बिहार विधान परिषद का सदस्य और राज्य सरकार में मंत्री रहते हुए कोई व्यक्ति विश्वविद्यालय में सहायक प्राध्यापक के पद पर बना रह सकता है।
राजभवन की टिप्पणी में सहायक प्राध्यापक के पद को लाभ का पद बताते हुए कहा गया था कि वेतन नहीं लेने की स्थिति में भी यह पद अयोग्यता का आधार बन सकता है। इस संबंध में राजभवन ने महाधिवक्ता से कानूनी राय भी मांगी थी।
इसके बाद डॉ. अशोक चौधरी की विधान परिषद सदस्यता पर संभावित प्रभाव को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई थी। अब उन्होंने मंत्री और विधान परिषद सदस्य के पद पर बने रहते हुए एएन कॉलेज की शिक्षण सेवा से इस्तीफा देने का फैसला किया है।
