बंगाली अभिनेत्री ने 26 नवंबर को करीबी लोगों की मौजूदगी में रजिस्टर्ड मैरिज की; सोशल मीडिया पर साझा कीं शादी की तस्वीरें
हैदराबाद: बंगाली फिल्मों की जानी-मानी अभिनेत्री मिमी चक्रवर्ती ने अपने बॉयफ्रेंड सिद्धार्थ दत्ता के साथ शादी कर ली है। दोनों ने 26 नवंबर को परिवार के सदस्यों, रिश्तेदारों और चुनिंदा दोस्तों की मौजूदगी में रजिस्ट्री मैरिज की। इस दौरान कपल ने एक-दूसरे को अंगूठियां पहनाईं और विवाह के दस्तावेजों पर हस्ताक्षर किए।
शादी के बाद मिमी ने सोशल मीडिया पर समारोह की कुछ तस्वीरें साझा कीं। उनके पोस्ट के सामने आते ही प्रशंसकों और मनोरंजन जगत से जुड़े लोगों ने नवविवाहित जोड़े को बधाइयां देना शुरू कर दिया।
सफेद और सुनहरे रंग के परिधानों में नजर आया कपल
मिमी और सिद्धार्थ ने शादी के लिए सफेद और गोल्डन रंगों का चुनाव किया। सिद्धार्थ ऑफ-व्हाइट शेरवानी में दिखाई दिए, जबकि मिमी ने सुनहरे बॉर्डर और बारीक कढ़ाई वाली सफेद-सुनहरी साड़ी पहनी थी। मैचिंग ब्लाउज और पन्ने के आभूषणों ने उनके लुक को खास बनाया।
मिमी की ओर से साझा की गई तस्वीरों में दोनों अपनी शादी की अंगूठियां दिखाते नजर आए। एक तस्वीर में अभिनेत्री सिद्धार्थ को अंगूठी पहनाती दिखाई दीं, जबकि दूसरी में रजिस्ट्री मैरिज की झलक देखने को मिली। आखिरी तस्वीर में दोनों एक-दूसरे के साथ खुशी के पल साझा करते नजर आए।
शादी की घोषणा के बाद बंगाली मनोरंजन जगत की कई हस्तियों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। इनमें शुभश्री गांगुली, ओइंद्रिला सेन, विक्रम चटर्जी, परनो मित्रा, ईशा साहा और अनिंदिता बसु के नाम शामिल हैं।
कौन हैं सिद्धार्थ दत्ता?
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मिमी चक्रवर्ती के पति सिद्धार्थ दत्ता पेशे से इंजीनियर हैं और मर्चेंट नेवी में कार्यरत हैं। बताया जाता है कि दोनों की मुलाकात एक साझा दोस्त के माध्यम से हुई थी। शुरुआती जान-पहचान और दोस्ती धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गई।
मिमी जहां बंगाली सिनेमा और मनोरंजन जगत का जाना-पहचाना चेहरा हैं, वहीं सिद्धार्थ सार्वजनिक जीवन और मीडिया की चकाचौंध से दूर रहना पसंद करते हैं। अभिनेत्री ने भी शादी की घोषणा से पहले अपने निजी रिश्ते के बारे में सार्वजनिक रूप से ज्यादा जानकारी साझा नहीं की थी।
परिवार ने भी जताई खुशी
सिद्धार्थ की रिश्तेदार ट्रामिला भट्टाचर्जी ने शादी से पहले दोनों के रिश्ते को लेकर खुशी जाहिर की थी। उन्होंने बताया कि मिमी उनके देवर सिद्धार्थ से विवाह कर रही हैं। उनके अनुसार, परिवार के कई सदस्य समुद्री क्षेत्र से जुड़े हैं। उनके पति जहाज के कप्तान हैं, जबकि सिद्धार्थ मरीन इंजीनियर हैं।
मिमी के बारे में बात करते हुए ट्रामिला ने उन्हें प्यारा और स्पष्ट रूप से अपनी बात रखने वाला इंसान बताया। उन्होंने दोनों की जोड़ी की तारीफ करते हुए कहा कि मिमी का परिवार भी बहुत अच्छा है।
मिमी और सिद्धार्थ की शादी के मौके पर ट्रामिला मौजूद थीं। हालांकि, उन्होंने बताया कि पहाड़ों में आयोजित होने वाले विवाह समारोह में वह शामिल नहीं हो पाएंगी, क्योंकि उसी दौरान उनकी बेटी की परीक्षाएं हैं।
ट्रामिला ने मजाकिया अंदाज में यह भी कहा कि मिमी को तोहफे में सोने के अलावा और क्या दिया जा सकता है, क्योंकि वह उनके लिए एक ‘गोल्डन गर्ल’ हैं।
