रांची/बोकारो: बोकारो से वर्ष 2020 में लापता हुई युवती का मामला एक बार फिर झारखंड हाईकोर्ट पहुंचा। सुनवाई के दौरान केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने अदालत को बताया कि इस मामले में अनुसंधान जारी है। इसके बाद न्यायमूर्ति सुजीत नारायण प्रसाद की अध्यक्षता वाली खंडपीठ ने एजेंसी को जांच की मौजूदा स्थिति पर विस्तृत रिपोर्ट दाखिल करने का निर्देश दिया।
मामले की अगली सुनवाई 15 दिसंबर को होगी। शुक्रवार को हुई सुनवाई में CBI के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अदालत के सामने पेश हुए और जांच से जुड़े सवालों का जवाब दिया। याचिकाकर्ता की ओर से अधिवक्ता विसेंट रोहित मार्की ने पक्ष रखा।
अदालत के आदेश पर CBI ने संभाली थी जांच
पिछली सुनवाई में CBI ने कोर्ट को जानकारी दी थी कि न्यायालय के निर्देश के बाद इस मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। अदालत ने ही जांच की जिम्मेदारी केंद्रीय जांच ब्यूरो को सौंपने का आदेश दिया था। इसके बाद एजेंसी ने मामले को अपने हाथ में लिया।
16 अक्टूबर 2020 से लापता है युवती
उपलब्ध जानकारी के अनुसार, बोकारो की युवती 16 अक्टूबर 2020 से लापता है। उसके गायब होने के बाद दर्ज प्राथमिकी में घटनास्थल के आसपास से उसकी साइकिल, चप्पल और किताबें बरामद होने का उल्लेख किया गया था।
पुलिस की सुपरविजन रिपोर्ट में इस घटना को अपहरण का मामला माना गया था। अब हाईकोर्ट ने CBI से जांच की प्रगति का ब्योरा मांगा है। 15 दिसंबर को होने वाली अगली सुनवाई में एजेंसी की स्टेटस रिपोर्ट पर आगे की कार्रवाई तय हो सकती है।
