14वीं JPSC, APO, FRO और ACF परीक्षाओं को रद्द करने के राज्य सरकार के निर्णय को दी गई है चुनौती। न्यायमूर्ति दीपक रोशन की अदालत ने सभी पक्षों की दलीलें सुनीं।
रांची: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की चार भर्ती परीक्षाओं को रद्द करने के राज्य सरकार के फैसले के खिलाफ दायर याचिकाओं पर झारखंड हाईकोर्ट में सुनवाई पूरी हो गई है। न्यायमूर्ति दीपक रोशन की अदालत ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अपना आदेश सुरक्षित रख लिया।
यह मामला 14वीं JPSC, सहायक लोक अभियोजन अधिकारी (APO), वन क्षेत्र पदाधिकारी (FRO) और सहायक वन संरक्षक (ACF) की नियुक्ति परीक्षाओं से जुड़ा है। राज्य सरकार ने 18 अगस्त को अधिसूचना जारी कर इन चारों परीक्षाओं को रद्द करने का निर्णय लिया था। इसके खिलाफ अभ्यर्थियों ने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है।
अभ्यर्थियों ने फैसले को बताया अनुचित
FRO और ACF परीक्षाओं को रद्द किए जाने के विरोध में याचिकाकर्ताओं की ओर से अदालत में दलील दी गई कि इन परीक्षाओं की लिखित प्रक्रिया पूरी हो चुकी थी और अब शारीरिक परीक्षा आयोजित की जानी थी। ऐसे में नियुक्ति प्रक्रिया लगभग अंतिम चरण में पहुंच चुकी थी।
प्रार्थियों का कहना था कि इस स्तर पर परीक्षाएं रद्द करना उचित नहीं है। सभी पक्षों की बातें सुनने के बाद अदालत ने मामले में फैसला सुनाने के लिए आदेश सुरक्षित रख लिया है।
